छत्तीसगढ़बिलासपुर

पिस्टल के दम पर लूट और नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार

बिलासपुर (विश्व परिवार)। पिस्टल के दम पर लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, सोने के आभूषण, कार, बाइक और मोबाइल समेत लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया गया है। गिरोह ने रेलवे कर्मचारी से कलेक्शन की रकम लूटने के साथ एक घर में घुसकर हथियार के बल पर सोने के आभूषण भी लूटे थे। यह कार्रवाई कोटा पुलिस ने की है।
आरोपियों ने दो लूट की वारदात को दिया था अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से कलेक्शन की राशि लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को आरोपियों ने सलका डैम के पास निशाना बनाया। आरोपियों ने कर्मचारी से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि वाला बैग झपटकर लूट लिया था।
इसके बाद 18 जुलाई 2026 को आरोपियों ने बुर्का पहनकर एक घर में प्रवेश किया। यहां उन्होंने मारपीट की और हथियार दिखाकर सोने के आभूषण लूट लिए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी
दोनों वारदातों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मास्टरमाइंड ने रची थी पूरी साजिश
पुलिस के मुताबिक, राकेश जायसवाल ने दोनों घटनाओं की योजना बनाई थी। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल की व्यवस्था सनी सिंह के माध्यम से की गई। पुलिस के अनुसार, सनी सिंह आरोपियों को रीवा ले गया, जहां उसके भाई से पिस्टल दिलाई गई। लूटे गए सोने के आभूषणों को आरोपियों ने हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी की ज्वेलरी दुकान पर बेचकर रकम हासिल की।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक पिस्टल, सोने के आभूषण, एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 BL 1645, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश जायसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी, सनी सिंह शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से सशस्त्र लूट एवं नकबजनी करने वाले गिरोह पर बड़ा शिकंजा कसा गया है।
SSP ने पुलिस टीम को इनाम देने का किया ऐलान
वहीं SSP रजनेश सिंह ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को नगद राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts