देशनई दिल्ली

पीएम मोदी ने WorldSkills Shanghai 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं से मुलाकात की

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को 22 से 27 सितंबर 2026 तक चीन के शंघाई में आयोजित ‘विश्व कौशल प्रतियोगिता 2026’ में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले देश के युवाओं से नई दिल्ली स्थित 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। पीएम मोदी ने उनका अभिनंदन और उत्साहवर्धन किया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, “इन शानदार युवाओं ने वर्ल्डस्किल्स कंपटीशन 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन किया। आज 7, लोक कल्याण मार्ग में उनसे मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।” साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भी प्रधानमंत्री मोदी ने एक पोस्ट शेयर किया और लिखा, “वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता 2026 में चमक बिखेरने वाले युवा साथियों का 7, लोक कल्याण मार्ग पर अभिनंदन!”

गौरतलब है कि 48वीं वर्ल्डस्किल्स कंपटीशन का आयोजन 22 से 27 सितंबर 2026 तक चीन के शंघाई स्थित राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (नेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर-एनईसीसी) में हुआ था। इस प्रतियोगिता में टीम इंडिया ने 6 रजत पदक और 20 उत्कृष्टता पदक जीतकर 10वां स्थान हासिल किया।

इससे पहले, ल्योन में 2024 में आयोजित इस प्रतिष्ठित विश्व कौशल प्रतियोगिता में भारत 13वें स्थान पर रहा था, जहां भारत ने चार कांस्य पदक और 12 उत्कृष्टता पदक हासिल किए थे। अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए भारत के यह परिणाम वैश्विक मंच पर देश के कुशल युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 22-27 सितंबर 2026 तक आयोजित छह दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन में लगभग 70 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने भाग लिया। भारत का प्रतिनिधित्व अब तक के सबसे बड़े 70 प्रतियोगियों के दल ने किया, जिन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों, उन्नत विनिर्माण, इंजीनियरिंग, रचनात्मक उद्योगों और विशेषीकृत सेवाओं सहित 63 कौशलों में भाग लिया।

23-26 सितंबर तक चार दिनों की गहन प्रतियोगिता के बाद विजेताओं को 27 सितंबर को शंघाई में आयोजित भव्य समापन समारोह में सम्मानित किया गया। इस समारोह में असाधारण तकनीकी दक्षता, नवाचार, सटीकता और शिल्प कौशल का उत्सव मनाया गया, जिसमें दुनिया भर से प्रतियोगी, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल, विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि एकत्र हुए थे।

‘विश्व कौशल प्रतियोगिता शंघाई 2026’ में भारत की भागीदारी का समन्वय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के तत्वावधान में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) द्वारा किया गया, जिसमें सेक्टर स्किल काउंसिल, उद्योग भागीदारों, प्रशिक्षण संस्थानों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों का सहयोग रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts