देशनई दिल्ली

युवा शक्ति पर पीएम मोदी का भरोसा, कहा- भारत के भविष्य को नई दिशा दे रही नई पीढ़ी

नई दिल्ली (विश्व परिवार) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि एनडीए सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले विकास को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि युवा भारतीय उन क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं जो भारत और दुनिया के भविष्य को आकार देंगे।
12 साल की उपलब्धियों में युवाओं की भूमिका पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं, प्रयासों और उपलब्धियों का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि पिछले 12 वर्षों की एक विशेष उपलब्धि यह रही है कि भारत के युवाओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी आकांक्षाओं को साकार करने की दिशा में आगे बढ़कर काम किया है।
स्टार्टअप और इनोवेशन को मिला बढ़ावा
पीएम मोदी ने कहा कि ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’ और ‘अटल इनोवेशन मिशन’ जैसी पहलों के माध्यम से ऐसा इकोसिस्टम विकसित किया गया है, जो इनोवेशन, उद्यमशीलता और एंटरप्रेन्योरशिप को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में शामिल है और इसकी कई सफलता की कहानियां छोटे कस्बों और गांवों से आने वाले युवा लिख रहे हैं।
विज्ञान, तकनीक और उभरते क्षेत्रों में युवाओं की छाप
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा विज्ञान और तकनीक, विनिर्माण, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और ड्रोन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह संतोष की बात है कि युवा भारतीय उन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, जो देश और दुनिया के भविष्य को दिशा देंगे।
खेलों में भी बढ़ा रहे देश का गौरव
पीएम नरेंद्र मोदी ने खेल जगत में युवाओं के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेलों का मजबूत इकोसिस्टम, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों को मिल रहा बढ़ा हुआ समर्थन युवा प्रतिभाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है तथा उन्हें खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts