देशनई दिल्ली

पीएम मोदी से मिले लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस, हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय संबंधों पर हुई गहन चर्चा

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस और उनकी पत्नी प्रिंसेस सोफी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। दोनों देशों के नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बयान जारी कर कहा, “आज हैदराबाद हाउस में लिकटेंस्टाइन के हेरेडिटरी प्रिंस एलोइस और हेरेडिटरी प्रिंसेस सोफी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।”
विदेश मंत्रालय डॉ. एस. जयशंकर से भी हुई मुलाकात, ईएफटीए और टेपा पर फोकस
इससे पहले दिन में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने प्रिंस एलोइस से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते (टेपा) के तहत उभरते अवसरों पर चर्चा की।
एक्स पर पोस्ट करते हुए डॉ. एस. जयशंकर ने लिखा, “भारत की राजकीय यात्रा पर आए लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस से मिलकर खुशी हुई। भारत-ईएफटीए टेपा से मिले अवसरों की बदौलत हमारी द्विपक्षीय साझेदारी कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। हमें उम्मीद है कि आज बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात हमारे सहयोग को और आगे बढ़ाएगी।”
राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्रिंस एलोइस का औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पत्रकारों से बात करते हुए प्रिंस एलोइस ने राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस अद्भुत देश में लिकटेंस्टाइन की पहली राजकीय यात्रा के दौरान यहां आना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। यह ऐतिहासिक यात्रा इस बात का प्रमाण है कि लिकटेंस्टाइन भारत के साथ अपने संबंधों को कितनी अहमियत देता है।”
आगामी कार्यक्रम
मंगलवार को प्रिंस एलोइस वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलेंगे। उनके सम्मान में एक आधिकारिक भोज भी आयोजित किया गया है।
ज्ञात हो, प्रिंस एलोइस सोमवार को गुजरात के वडोदरा से नई दिल्ली पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत सिंह ने उनका स्वागत किया था। यह लिकटेंस्टाइन के उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल की भारत की पहली राजकीय यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को रेखांकित करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts