- प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के मनोबल को और बढ़ाना है : जम्वाल
रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान प्रांतीय कार्यशाला आहूत की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर होते हैं। विषय के अच्छे जानकार बनते हैं। भाजपा में प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन एवं सरकार के कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाते है। श्री जम्वाल ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और उन्हें सरकार की जनहितकारी योजनाओं का सजग प्रहरी बनाना है। उन्होंने संवाद करते हुए सभी पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाया और संगठनात्मक अनुशासन व समर्पण को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की विचारशीलता, क्षमता और समर्पण से ही मजबूत होता है। एक सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी संगठन को सशक्त बनाने का मूल आधार है। संगठन कार्यकर्ताओं के व्यक्तिव निर्माण के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करता है। पार्टी कार्यकर्ता प्रशिक्षण से खुद को निखारने और संगठन के कार्यों के साथ सरकार के कार्यों से जनता को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रशिक्षण की बातों को आत्मसात कर भाजपा संगठन की मजबूती के लिए कार्य करें।
भाजपा कार्यकर्ता हमेशा कर्मष्ठ, निष्ठावान एवं परिश्रमी होते हैं : किरण देव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा सालभर कार्यक्रम आयोजित करती है जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता उत्साह के साथ उन कार्यक्रमों में शामिल होते हैं। हम एक साथ स्थापना दिवस, अम्बेडकर जयन्ती, प्रशिक्षण महाभियान एवं नारी शक्ति वन्दन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम चला रहे हैं। श्री देव ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहाँ कार्यकर्ता ही शक्ति का केंद्र है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर एवं प्रवीण होते हैं और भाजपा कार्यकर्ता हमेशा कर्मष्ठ, निष्ठावान एवं परिश्रमी होते हैं। श्री देव ने आग्रह किया कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जाए, ताकि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें। यह प्रशिक्षण महा अभियान का मुख्य उद्देश्य वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। भारतीय जनता पार्टी का यह संकल्प है कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुँचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जाए। यह प्रशिक्षण वर्ग केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की उस सांगठनिक शक्ति को और अधिक धार देने का माध्यम है, जो तकनीक और विचार के संगम से विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करेगी।
इसके साथ ही प्रशिक्षण टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यशाला में आए हुए सभी पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षण महाभियान टोली के सदस्यों को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया। इसके साथ ही पांचों संभाग की संभागवार बैठक हुए। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय, प्रशिक्षण महाभियान टोली के सदस्य एवं प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, शताब्दी पांडेय सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।






