छत्तीसगढ़रायपुर

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति ही विकसित भारत की मजबूत नींव: बृजमोहन अग्रवाल

  • शिक्षा और खेल विकास को नई दिशा देने में जुटे सांसद बृजमोहन अग्रवाल, CSR फंड के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर
  • ‘पीएम श्री’ स्कूलों से विकसित भारत की नींव मजबूत होगी: सांसद बृजमोहन अग्रवाल
  • दीव में शिक्षा और खेल विकास पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का मंथन, छत्तीसगढ़ के ‘पीएम श्री’ स्कूलों का रखा मॉडल

रायपुर / दीव (विश्व परिवार)। रायपुर लोकसभा क्षेत्र से वरिष्ठ सांसद एवं शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी संसदीय स्थायी समिति के वरिष्ठ सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव में आयोजित संसदीय अध्ययन दौरे में शिक्षा और खेल विकास को लेकर व्यापक रणनीतिक मंथन किया।
श्री अग्रवाल ने राष्ट्रीय पटल पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अधोसंरचना और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के प्रभावी उपयोग का रोडमैप प्रस्तुत किया। दीव में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सांसद श्री अग्रवाल ने भारत सरकार के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, केंद्र शासित प्रदेश के शिक्षा निदेशालय, नवोदय विद्यालय समिति तथा वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शीर्ष अधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया।
CSR फंड से खेल अधोसंरचना का विस्तार
बैठक में श्री अग्रवाल ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया समेत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वित्तीय संस्थानों पर जोर देते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए सीएसआर फंड का बड़ा हिस्सा आधुनिक खेल मैदान, सिंथेटिक ट्रैक, उपकरण और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण में लगाया जाए।
‘पीएम श्री’ जवाहर नवोदय विद्यालय, दीव का निरीक्षण
अध्ययन प्रवास के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दीव स्थित ‘पीएम श्री’ जवाहर नवोदय विद्यालय का सघन दौरा किया। उन्होंने डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल परिसरों और छात्रावास व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का सफल क्रियान्वयन
श्री अग्रवाल का कहना है कि, ‘पीएम श्री’ योजना भावी पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का राष्ट्रीय मॉडल है, जिसे हर राज्य के अंतिम छोर तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाना चाहिए।
छत्तीसगढ़ में ‘पीएम श्री’ और स्कूली शिक्षा को नई गति देने का संकल्प
बैठक के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के परिप्रेक्ष्य को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ‘पीएम श्री’ योजना का लाभ छत्तीसगढ़ के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को मिल रहा है।
छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण के तहत 211 स्कूलों को ‘पीएम श्री’ के रूप में अपग्रेड कर विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे राज्य के 2 लाख से अधिक विद्यार्थी सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
राज्य के स्कूलों में आईसीटी लैब, वोकेशनल ट्रेनिंग और स्मार्ट क्लासरूम के जरिए विद्यार्थियों को 21वीं सदी के कौशल से जोड़ा जा रहा है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति का विस्तार ही सबसे मजबूत आधार स्तंभ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts