रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव के सफल आयोजन के उपरांत प्रेस क्लब के पदाधिकारी प्रदेश के प्रमुख समाचार पत्रों एवं समाचार चैनलों के संचालकों और संपादकों से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त कर रहे हैं। इस दौरान उत्सव की उपलब्धियों, आगामी चरणों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों तथा पत्रकार हित से जुड़ी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा की जा रही है और वरिष्ठ मीडिया प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण सुझाव लिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने हरिभूमि के प्रधान संपादक हिमांशु द्विवेदी, तरुण छत्तीसगढ़ के संपादक प्रकाश शर्मा, नवप्रदेश के प्रधान संपादक यशवंत धोते, अग्रदूत के प्रधानसंपादक संजय सक्सेना,
संपादक के के शर्मा, आईबीसी24 के प्रधान संपादक रविकांत मित्तल तथा स्वदेश के प्रधान संपादक जी.पी. मिश्रा से सौजन्य भेंट की तथा उन्हें पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव का प्रतीक चिन्ह (लोगो) भेंट कर सम्मानित किया।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता गौरव मार्तंड उत्सव को मीडिया संस्थानों, पत्रकार साथियों और समाज के विभिन्न वर्गों से अभूतपूर्व समर्थन मिला है। यह आयोजन पत्रकारिता के गौरव, उसकी परंपराओं और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारियों को रेखांकित करने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब भविष्य में भी पत्रकारों के हित, प्रशिक्षण, संवाद और सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों को और व्यापक स्वरूप देगा।
इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







