छत्तीसगढ़रायपुर

सुशासन तिहार शिविर में अफसरों की गैरहाजिरी पर भड़के राजेश मूणत

रायपुर (विश्व परिवार)।। मंगलवार को रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 1 के अंतर्गत संत कबीरदास वार्ड क्रमांक 3, यतियतनलाल वार्ड क्रमांक 4, बंजारी माता मंदिर वार्ड क्रमांक 5, नेताजी सुभाषचंद्र वार्ड क्रमांक 15, वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक 16, ठक्करबापा वार्ड क्रमांक 17 और डॉ. बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 के लिए सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर जोन क्रमांक 1 क्षेत्र अंतर्गत मारुति मंगलम भवन गुढ़ियारी में लगाया गया।

शिविर की व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, आयुक्त संबित मिश्रा, एसडीएम नन्द कुमार साहू, नगर निगम जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, खेल एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू, पार्षद अम्बिका साहू, डॉ. मनमोहन मनहरे, सोहन साहू, राजेश कुमार देवांगन, पूर्व पार्षद कामिनी पुरुषोत्तम देवांगन, नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन 1 कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर, कार्यपालन अभियंता द्रोनी कुमार पैकरा सहित रायपुर जिले के विभिन्न 15 से अधिक शासकीय विभागों के कर्मचारियों एवं आमजनों की उपस्थिति में किया गया।

रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने भीषण गर्मी के बीच राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा एवं एसडीएम नन्द कुमार साहू सहित शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आमजनों से उनकी समस्याओं एवं मांगों को लेकर चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शिविर में व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश भी दिए।

राजेश मूणत ने इस बात पर गहरी नाराजगी व्यक्त की कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार लगाए जा रहे सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर में रायपुर जिला स्तर के कई सक्षम अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिसके कारण आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी शासन के इस महत्वपूर्ण अभियान को गंभीरता से नहीं लेंगे तो वे इस लापरवाही को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि शिविर में एसडीएम नन्द कुमार साहू उपस्थित हैं, लेकिन राजस्व, नजूल और तहसील कार्यालय से अन्य सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं हैं, जिससे लोगों को शिकायतों के समाधान में परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सक्षम अधिकारी सुशासन तिहार शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही अवैध कब्जे और अवैध प्लाटिंग की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करने और उसकी जानकारी निगम मुख्यालय भेजने के निर्देश भी दिए।

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर लगाए जा रहे सुशासन तिहार शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का सरल और त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ शिविर के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाए।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी भीषण गर्मी में लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मेहनत कर रहे हैं, इसलिए शिविर के माध्यम से सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत “मोर जमीन मोर मकान” योजना के तहत 15 पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। वहीं 30 नागरिकों को पात्रता अनुसार नए एपीएल और बीपीएल राशन कार्ड तत्काल जारी किए गए। शिविर में आवेदन करते ही लोगों को आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड भी बनाकर दिए गए। नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा 122 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर में 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजकर एक माह की तय समयसीमा में समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शासन के निर्देशानुसार सभी आवेदकों को उनके आवेदन के निराकरण की लिखित जानकारी भी संबंधित विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts