देशनई दिल्ली

राजनाथ सिंह ने किया पहलगाम हमले के पीड़ितों को याद, कहा- ‘जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे’

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मारे गए बेकसूर लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि हम उन जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे। भारत या उसके नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश का पूरी ताकत के साथ जवाब दिया जाएगा।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले की यह पहली बरसी है। इस हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने धर्म पूछकर 26 बेकसूर पर्यटकों को गोलियों से भून दिया था। हाल के वर्षों में नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए सबसे क्रूर हमलों में से यह एक था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके प्रियजनों और परिवारों के दुख में उनके साथ हैं। हम उन जख्मों को कभी नहीं भूलेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत ने दशकों तक सीमा पार से होने वाले आतंकवाद का सामना किया है, लेकिन आज हमारी प्रतिक्रिया दृढ़, निर्णायक और अडिग है। अपने दृढ़ संकल्प वाले कदमों से हमने यह साबित कर दिया है कि हमारे लोगों को नुकसान पहुंचाने या हमारी एकता को तोड़ने की किसी भी कोशिश का जवाब पूरी ताकत के साथ दिया जाएगा।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के पीड़ितों को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा और न ही कभी आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कामयाब होंगे।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “पिछले साल आज ही के दिन, पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को हम याद कर रहे हैं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपार क्षति का सामना कर रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “एक राष्ट्र के रूप में, हम दुख की घड़ी में एकजुट होकर खड़े हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।”
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमला पिछले साल 22 अप्रैल को हुआ था, जिसमें पर्यटकों को निशाना बनाया गया था। हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने धर्म पूछकर 26 लोगों को गोली मारी थी। मारे गए लोगों में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल थे, जिसने पर्यटकों को बचाने की कोशिश की थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts