देशनई दिल्ली

रिटायरमेंट के बाद भी हर महीने मिलेगी पीएफ से नियमित आय, ईपीएफओ ने सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को दी मंजूरी

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ.मनसुख माांडविया ने शनिवार को कहा कि पीएफ में सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (एसडब्ल्यूपी) को मंजूरी देने से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के करोड़ों सदस्यों को फायदा होगा। साथ ही, इससे रिटायरमेंट के बाद भी नियमित आय सुनिश्चित होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किए एक वीडिया में माांडविया ने कहा कि ईपीएफओ ने अपने करोड़ों सदस्यों के लिए पीएफ में एसडब्ल्यूपी की सुविधा को मंजूरी दी है। इससे सदस्य रिटायरमेंट के बाद एक साथ निकालने के बजाय अपनी जरूरत के मुताबिक हर माह, तिमाही और छमाही में किस्तों में पैसे निकाल सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह सुविधा पूरी तरह से ऐच्छिक है। किस्तों में पैसे निकालने के बाद बाकी बचे पैसे पर आपको ब्याज मिलता रहेगा।
ईपीएफओ के अनुसार, एसडब्ल्यूपी का उद्देश्य रिटायरमेंट के बाद सदस्यों को नियमित, स्थिर और भरोसेमंद आय का स्रोत उपलब्ध कराना है। इससे वे अपनी जीवनभर की बचत को एकमुश्त खर्च करने के बजाय योजनाबद्ध तरीके से उपयोग कर सकेंगे और वित्तीय सुरक्षा बनाए रख सकेंगे। इसके अलावा, हाल ही में ईपीएफओ ने अपने करोड़ों सदस्यों को बड़ी राहत देते हुए 55 वर्ष तक की आयु वाले सदस्यों के लिए पीएफ खाते से निकासी की सीमा बढ़ाकर 90 प्रतिशत कर दी है। पहले सदस्य अपने का अधिकतम 75 प्रतिशत ही निकाल सकते थे। इस फैसले से जरूरत के समय कर्मचारियों को अधिक वित्तीय लचीलापन मिलेगा।
अब ईपीएफओ ने नौकरी छूटने के बाद पीएफ निकासी के लिए प्रतीक्षा अवधि को 12 महीने से घटाकर केवल 2 महीने कर दिया जाए। माना जा रहा है कि इससे बेरोजगारी की स्थिति में कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों से राहत मिलेगी और वे अपनी बचत तक जल्दी पहुंच सकेंगे। नई व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण लाभ यह भी होगा कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अधिक रिटर्न पाने के लिए जोखिम वाले निवेश विकल्पों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वे ईपीएफओ की ब्याज आय का लाभ लेते हुए नियमित भुगतान प्राप्त कर सकेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts