- वक्ता मंच ने 50 युवाओं को प्रदान किया युवा गौरव सम्मान
रायपुर (विश्व परिवार)। वक्ता मंच एवं जन एकता फाउंडेशन द्वारा विमतारा सभागार में युवा अभिव्यक्ति समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे राजधानी रायपुर और आसपास के 50 युवाओं को युवा गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपसंचालक (वित्त) श्रद्धा सुमन एक्का थीं। वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मेकाहारा के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, डॉ. अंशुली कलश और डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि इस वर्ष युवा सम्मान के लिए जल संरक्षण, लोक कला, जैव विविधता संरक्षण, रक्तदान, छत्तीसगढ़ी भाषा के विकास, खेल, लेखन, पत्रकारिता, शिक्षा और चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवाचारी कार्य कर रहे युवाओं का चयन किया गया।
समारोह का शुभारंभ प्रांजल सिंह राजपूत के भरथरी गायन और खेम यादव के छत्तीसगढ़ी लोकगीत से हुआ। इसके बाद प्रणम तिवारी ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। डॉ. अनुराग विश्वकर्मा ने जैव एवं वन संरक्षण, ऐश्वर्या पाठक ने खेल, डॉ. वैभव बेमेतरिहा ने जल संरक्षण, डॉ. अर्चना तुपट ने साहित्य तथा अमित कुमार चौहान ने मीडिया अध्ययन के क्षेत्र में अपने कार्य, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर सारंगढ़ के युवा कवि विजय कोसले के काव्य संग्रह ‘आईना’ का विमोचन किया गया। विजय कोसले ने अपने काव्य संग्रह की कुछ कविताओं का पाठ भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि युवा देश की ताकत होते हैं, इसलिए युवाओं का सम्मान देश की ताकत का सम्मान है। छत्तीसगढ़ युवाओं का प्रदेश है। प्रदेश की पूंजी धान के भंडार के साथ युवाओं का जोश भी है। यहां के युवा मेहनती और ईमानदार होने के साथ सभी के प्रति अपने हृदय में आदर का भाव रखते हैं।
राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित 50 युवाओं को युवा गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में प्रणम तिवारी (कथक), डॉ. दीप श्री अग्रवाल (दंत चिकित्सा), योगेश मेघानी (व्यवसाय), अखिल कलश (नवाचार), राधिका पटेल (कुश्ती), डॉ. अनुराग विश्वकर्मा (जैव विविधता संरक्षण), मनोज देवांगन (फोटो जर्नलिज्म), रेणु वर्मा (नर्सिंग), जाकिर हुसैन (पत्रकारिता), मोहित सिंह सेंगर (पत्रकारिता), दिनेश यदु (पर्यावरण पर जमीनी लेखन), ऐश्वर्या पाठक (खेल), महेंद्र सिंह ध्रुव (रक्तदान), गौतम चौबे (लोक कला), अमित चौहान (मीडिया अध्ययन), डॉ. वैभव बेमेतरिहा (जल संरक्षण), देव हीरा लहरी (छत्तीसगढ़ी लोक साहित्य), खेमराज साहू (एडवेंचर टूरिज्म), नेहा पटनायक (भरतनाट्यम), श्रुति संघी जैन (शास्त्रीय संगीत), यामिनी धीवर (राष्ट्रीय खिलाड़ी), खिलेश साहू (महानदी बचाओ आंदोलन), खेम यादव (लोक कला), ऋषभ देव साहू (युवा वाणी), गौरव अग्रवाल (समाज सेवा), अंकुर शुक्ला (गोंड आर्ट), प्रांजल सिंह राजपूत (भरथरी), यतीश श्रीवास्तव (लेखन), आरव शुक्ला (काव्य पाठ), डॉ. अजय त्रिपाठी (छात्र आंदोलन), रमन हलवाई (पत्रकारिता), ऋतु राज साहू (छत्तीसगढ़ी भाषा को शासकीय स्तर पर स्थापित करने), रिंकू अग्रवाल (रक्तदान), हेमलाल पटेल (लोक कला) और प्रवीण पाठक (पत्रकारिता) सहित 50 व्यक्तित्व शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया, जबकि संयोजन वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू ने किया। इस अवसर पर विवेक बेहरा, मनीष अवस्थी, राजाराम रसिक, ज्योति शुक्ला, कुमुद लाड, प्रमोद पटले, सीएल दुबे, देव मानिकपुरी, हरिशंकर सोनी, फलेंद्र साहू, हेमलाल पटेल, खेमराज साहू सहित टीम वक्ता मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रदेशभर में नशे की रोकथाम के लिए स्वैच्छिक प्रयासों को तेज करने का संकल्प लिया गया।







