रायपुर (विश्व परिवार)। रोटरी वर्ष 2025-26 में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 ने प्रांतपाल रोटे अमित पल्लवी जायसवाल के कुशल नेतृत्व में सेवा, सामाजिक सरोकार एवं जनहित कार्यों के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित करते हुए रोटरी की एक नई पहचान स्थापित की। डिस्ट्रिक्ट 3261 के अंतर्गत (मप्र, छग व् उड़ीसा) 100 से अधिक रोटरी क्लबों ने रोटरी के प्रमुख सात कार्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज के हर वर्ग तक सेवा कार्यों की मजबूत छाप छोड़ी।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पूरे डिस्ट्रिक्ट में 51,000 से अधिक पौधों का रोपण कर हरित भविष्य की मजबूत पहल की गई। वहीं शिक्षा एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के उद्देश्य से 25,000 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए खेल एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के जीवन को संबल देने हेतु विशाल रक्तदान अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत पूरे डिस्ट्रिक्ट में आयोजित शिविरों से 5,000 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित कर शासकीय ब्लड बैंकों को उपलब्ध कराया गया।
वर्तमान रोटरी वर्ष की उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट रोटरी डिस्ट्रिक्ट मीडिया चेयरमैन रोटे नितिन जैन द्वारा मीडिया से साझा की गई।
शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न क्लबों द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा सामग्री, कंप्यूटर लैब, स्कूल फर्नीचर एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए। साथ ही जबलपुर की नेत्रहीन कन्याशाला हेतु प्रांतपाल द्वारा विशेष आर्थिक सहयोग प्रदान कर संवेदनशील सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों के मानसिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ. ईला गुप्ता के सहयोग से मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं ओड़िशा के अनेक स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष मोटिवेशनल एवं काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए, जिससे 4000 से अधिक छात्र-छात्राओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं नई दिशा का संचार हुआ।
रोटरी फाउंडेशन हेतु एक लाख डॉलर से अधिक का योगदान एकत्रित कर डिस्ट्रिक्ट ने वैश्विक सेवा कार्यों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त एम्बुलेंस, स्कूल बस, व्हीलचेयर, स्कूल फर्नीचर एवं अन्य जनोपयोगी संसाधन उपलब्ध कराने में भी डिस्ट्रिक्ट निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
रोटरी वर्ष 2025-26 को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में टीम अमित (असीम मित्रता की ताकत) के मजबूत आधार स्तंभ डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटे सोमनाथ अग्रवाल, रोटे सुशील रामदास अग्रवाल, रोटे अजित खंडेलवाल सहित डिस्ट्रिक्ट मैनेजमेंट टीम के रोटे नवीन भवसार, रोटे अंजुल जैन, रोटे परवेज अली, रोटे कमलजीत छाबड़ा, रोटे गौरव जिंदल, असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, सिटी कोऑर्डिनेटर, क्लब अध्यक्ष, सचिव एवं डिस्ट्रिक्ट के 3000 से अधिक रोटरी सदस्यों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
इसी सेवा, रोटरी के प्रति समर्पण, संगठन शक्ति एवं मित्रता का परिणाम रहा कि इस वर्ष रायपुर में आयोजित वार्षिक डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में 1200 से अधिक रोटरी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज हुई, जो अब तक का सबसे बड़ा डिस्ट्रिक्ट रिकॉर्ड माना जा रहा है।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 का यह स्वर्णिम सेवा वर्ष समाजसेवा, संगठन क्षमता, मानवीय मूल्यों एवं मित्रता की नई मिसाल बनकर उभरा है। डिस्ट्रिक्ट ने सेवा के साथ-साथ सामाजिक समरसता, संगठनात्मक मजबूती और आपसी मित्रता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
वर्तमान रोटरी वर्ष की ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण कार्य करने वाले क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं पूरी टीम को सम्मानित करने हेतु आगामी 7 जून को रायपुर में “आभार मित्रों का” सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी को सम्मान चिन्ह प्रदान कर भविष्य में भी समाजहित एवं सेवा कार्यों में निरंतर योगदान देने हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा।







