छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल, महापौर और अधिकारियों की खींचतान में पिस रही जनता: नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम को घेरा

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी में सफाई व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच चल रहे विवाद के बीच नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निगम प्रशासन और महापौर परिषद को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार लोगों के बीच आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा रायपुर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

आकाश तिवारी के मुताबिक, दीपावली के बाद शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और घरों के आसपास गंदगी जमा होने से बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र के करीब 70 वार्डों से रोजाना 600 से 700 टन कचरा निकलता है, लेकिन कई वार्डों में समय पर कचरा नहीं उठाया जा रहा है। घर-घर कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी की गाड़ियां भी कुछ इलाकों में तीन से चार दिन तक नहीं पहुंच रही हैं।

अधिकारियों और महापौर के बीच तालमेल की कमी का आरोप

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नगर निगम की सामान्य सभा में सफाई व्यवस्था को लेकर हुई चर्चा के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों और महापौर परिषद के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी महापौर और अधिकारियों दोनों की है, तो आपसी विवाद के कारण जनता को परेशान क्यों होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम में सेंट्रल सफाई सिस्टम को लेकर प्रेजेंटेशन की बात कही गई थी, लेकिन इस दौरान हुए विवाद ने निगम के भीतर तालमेल की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि प्रेजेंटेशन को लेकर महापौर की सहमति थी, तो फिर विवाद क्यों हुआ और यदि सहमति नहीं थी, तो इसकी तैयारी क्यों की गई?

पार्षदों के पुराने प्रस्तावों पर भी उठाए सवाल

आकाश तिवारी ने महापौर द्वारा पूर्व में बुलाई गई विशेष सामान्य सभा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस बैठक में पार्षदों से अपने-अपने वार्ड के मूलभूत विकास कार्यों के लिए सुझाव और प्रस्ताव मांगे गए थे। उन्होंने सवाल किया कि उन प्रस्तावों पर अब तक कितनी कार्रवाई हुई और कितने प्रस्ताव फाइलों में दबे रह गए?

उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि रायपुर नगर निगम को महापौर चला रही हैं, जिम्मेदार अधिकारी चला रहे हैं या फिर कोई अदृश्य शक्ति निगम का संचालन कर रही है?

जनता को भुगतना पड़ रहा खामियाजा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शहर में जगह-जगह कचरा जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका बुरा असर पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था सुधारने के बजाय जिम्मेदार लोग एक-दूसरे पर आरोप लगाने में जुटे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts