नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि दुनिया को मैन्युफैक्चरिंग के लिए नई और भरोसेमंद लोकेशंस की जरूरत महसूस हो रही है। भारत इसके लिए खुद को लगातार तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया तेज़ी से हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से भारत के लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को नई ताकत मिल रही है। पीएम मोदी ने कहा भारत हर वो कदम उठा रहा है, जो हमें सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री का एक ‘preferred destination’ बनाए।
नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में SEMICON India 2026 को संबोधित करते हुए उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था और वैश्विक भरोसे में वृद्धि का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है… दुनिया का भारत पर भरोसा भी बढ़ रहा है… अगर हम पिछले 15 दिनों पर नज़र डालें, तो हमें अंदाज़ा हो जाएगा कि भारत किस दिशा में आगे बढ़ रहा है और किस गति से प्रगति कर रहा है।”
फिनटेक और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की उपलब्धियां
पीएम मोदी ने हाल की प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि सिर्फ 10 दिन पहले मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट आयोजित हुआ था। वहां एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी के जरिए समावेशी वित्त पर चर्चा हुई। उन्होंने आगे कहा, “इसी दौरान भारत में लगभग 3,000 किलोमीटर के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पूरी तरह से चालू हो गए। मैं सितंबर के इन 10 दिनों की बात कर रहा हूं, न कि अतीत की किसी घटना की। इससे देश भर में आवाजाही तेज़ होगी, लॉजिस्टिक्स में सुधार होगा और मैन्युफैक्चरिंग को नई ताकत मिलेगी।”
विश्वकर्मा जयंती और पीएम विश्वकर्मा योजना का संयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने आज विश्वकर्मा जयंती होने और पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरुआत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की सदियों पुरानी सृजन और निर्माण की परंपरा को 21वीं सदी की तकनीक और विजन से जोड़ता है। उन्होंने कहा, “आज विश्वकर्मा जयंती भी है। मैं सभी देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हमारी परंपरा में भगवान विश्वकर्मा को सृजन और निर्माण की शक्ति का प्रतीक माना जाता है। और देखिए संयोग की बात: आज ही ‘पीएम विश्वकर्मा योजना’ भी शुरू की जा रही है। एक तरफ हमारे पास निर्माण की सदियों पुरानी परंपरा है और दूसरी तरफ 21वीं सदी की टेक्नोलॉजी और विजन है। यही हमारे आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन के पीछे की प्रेरणा भी है।”
SEMICON India 2026 का पांचवां संस्करण
प्रधानमंत्री मोदी ने SEMICON India के पांचवें संस्करण में सभी प्रतिभागियों और विदेश से आए मेहमानों का हार्दिक स्वागत किया। यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 17 से 19 सितंबर तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में ‘सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम’ थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश के सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने पर फोकस किया जाएगा।







