छत्तीसगढ़धमतरी

घर में छिपा रखा था शराब का जखीरा, पुलिस ने मारा छापा

धमतरी (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। अवैध शराब के काले कारोबार का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत की 53 पेटी देसी शराब बरामद की है। पूरा मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के धौराभाठा गांव का है।
एसपी भावना पांडेय ने बताया कि दो शातिर आरोपी खिलावन और कमलेश अपने घर में अवैध शराब का जखीरा छिपाकर रखे थे और उसे खपाने की फिराक में बैठे थे। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में भारी मात्रा में देसी शराब की पेटियों की जमाखोरी की गई है।
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने बिना देर किए मकान पर छापामार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई जब घर के अंदर से 53 पेटी देसी शराब का जखीरा बरामद हुआ। जब्त की गई शराब की कुल कीमत दो लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। अब सवाल ये है कि क्या यह सिर्फ दो छुटभैये तस्करों का खेल है या इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट है। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
बड़े नेटवर्क का हाथ होने की आशंका
शुरुआती जांच में इस बात के पुख्ता संकेत मिल रहे हैं कि इस अवैध शराब की जमाखोरी और सप्लाई के पीछे एक बड़े नेटवर्क का हाथ है। धमतरी में नशे की इस सप्लाई चेन को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस अब इस सिंडिकेट की गहराई तक जाने की तैयारी कर रही है। जल्द ही इस अवैध नेटवर्क के बड़े चेहरों से भी पर्दा उठ सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts