जबलपुर 

उज्ज्वल भविष्य के लिए मानसिक रूप से मजबूत बनें विद्यार्थी : डॉ. ईला गुप्ता

  • रोटरी क्लब संस्कारधानी द्वारा ज्ञानगंगा कॉलेज में आयोजित हुआ “मेंटल वेलनेस सेमिनार “छात्रों और शिक्षकों” को मिला मार्गदर्शन

जबलपुर (विश्व परिवार)। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अमित–पल्लवी जायसवाल जी की दूरदर्शी सोच एवं “उत्कृष्ट भारत के निर्माण में सहयोगी युवापीढ़ी ~ भविष्य के श्रेष्ठ रोटेरियन” तैयार करने के संकल्प को साकार करने हेतु विद्यार्थियों के मानसिक विकास एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण की दिशा में विशेष मेंटल वेलनेस सेमिनार सम्पूर्ण डिस्ट्रिक्ट 3261 में आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जबलपुर में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आज 8 मई को आयोजित किया गया ।
किशोरवय बच्चों को भावनाएं व्यक्त करने का दें पूरा अवसर : डॉ. ईला गुप्ता
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 की प्रीवेंशन कमेटी के तत्वावधान में पैरेंट्स एवं टीचर्स के लिए एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता सेमिनार का आयोजन जबलपुर के ज्ञानगंगा कॉलेज के एमबीए सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता मध्य भारत की प्रसिद्ध काउंसलर एवं वरिष्ठ साइकोलॉजिस्ट डॉ. ईला गुप्ता ने कहा कि किशोरावस्था बच्चों के जीवन का अत्यंत संवेदनशील दौर होता है। इस दौरान बच्चे शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक परिवर्तनों से गुजरते हैं, जिन्हें वे कई बार स्वयं भी समझ नहीं पाते। ऐसे समय में अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया, रील्स एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने किशोरों के मन-मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव डाला है। बच्चे लगातार स्वयं की तुलना दूसरों से करने लगते हैं और “मैं कैसा दिखता हूं”, “लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं” जैसे प्रश्न उन्हें मानसिक तनाव की ओर ले जाते हैं। डॉ. गुप्ता ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करने का अवसर दें तथा उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुनें।
सेमिनार में यह भी बताया गया कि यदि बच्चे परिवार से दूरी बनाने लगें तो माता-पिता को घबराने के बजाय समझदारी एवं संवेदनशीलता से कार्य करना चाहिए। बच्चों को उचित स्वतंत्रता देने के साथ-साथ भावनात्मक सहयोग प्रदान करना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी रोटे नितिन जैन, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन मीडिया द्वारा बताया गया कि रोटरी क्लब ऑफ जबलपुर संस्कारधानी एवं जबलपुर के समस्त रोटरी क्लबों के संयुक्त प्रयासों से विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं मार्गदर्शक सत्र आयोजित हुआ। सेमिनार में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन एवं बेहतर करियर मार्गदर्शन विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने एवं उन्हें भविष्य के लिए मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब संस्कारधानी के अध्यक्ष रोटे अरुण गुप्ता, सचिव रोटे अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटे अनिल अग्रवाल, रोटे अंजुल जैन, रोटे सुनील जसवानी, मनीष बजाज, यश आहूजा, असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अंकुर माहेश्वरी, रोटे हरीश रिझवानी, रोटे अभिषेक केसरवानी, मिताली बैनर्जी सहित जबलपुर के समस्त रोटरी क्लबों के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति एवं सहयोग रहा।
इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में ज्ञानगंगा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के निदेशक रजनीत जैन, पंकज जैन एवं अपूर्व सिंघई का विशेष सहयोग रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts