रायपुर (विश्व परिवार)। बलवीर सिंह जुनैजा इंडोर स्टेडियम में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में “लीड 36गढ़” कार्यक्रम की उल्लेखनीय सफलता और समाज के वंचित वर्गों के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान हेतु शिवाशा फाउंडेशन के चेयरमैन अनूप अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी आईएएस रिचा शर्मा ने की। इस अवसर पर कलेक्टर गौरव सिंह तथा सीईओ कुमार विश्वरंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने “लीड 36गढ़” पहल को राज्य के वंचित, ग्रामीण एवं कमजोर सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायी अभियान बताया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं का चयन कर उन्हें निःशुल्क सिविल सेवा परीक्षा की गुणवत्तापूर्ण तैयारी करवाई जाती है, जिससे उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इस वर्ष “लीड 36गढ़” से जुड़े कई विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर चयन प्राप्त किया है। चयनित अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर, ग्रामीण एवं वंचित पृष्ठभूमि से आते हैं, जिनकी सफलता आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का विषय बन चुकी है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने “लीड 36गढ़” मॉडल को सामाजिक समावेशन, शिक्षा और नेतृत्व निर्माण की दिशा में एक प्रभावी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।







