नई दिल्ली (विश्व परिवार)। तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस खत्म हो गया है. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के छठे दिन एक्टर विजय के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है. VCK ने सरकार बनाने के लिए TVK को बिना शर्त समर्थन दिया है. अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी TVK को अब कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK का समर्थन मिल गया है. जिससे उसकी कुल सीटों की संख्या 119 हो गई है. समर्थन के बाद विजय ने 118 के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है।
चुनाव में दो सीटें जीतने वाली VCK ने 3 दिन के टालमटोल के बाद विजय की TVK पार्टी को अपना समर्थन पत्र सौंप दिया है।
टीवीके प्रमुख विजय शनिवार को सीएम पद की शपथ तो नहीं ले सकते, मगर उन्हें VCK का समर्थन मिल गया । तीन दिनों से चल रही कशमकश के बीच विजय ने 118 विधायकों का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया। 234 सदस्यों वाली विधानसभा में उनके गठबंधन की ताकत बहुमत के आंकड़े से ऊपर पहुंच गई है। उम्मीद है कि राज्यपाल अब विजय को सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करेंगे।
TVK ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं। इनमें विजय ने दो सीटें जीती हैं। पार्टी को कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायकों से समर्थन पत्र पहले ही मिल चुका था। VCK का समर्थन मिलने के बाद विजय के पास 119 विधायक हो जाएंगे। यह बहुमत के आंकड़े से एक ज्यादा है।
TVK को VCK का समर्थन मिलने की अटकलें पिछले 3 दिन से चल रही थीं। VCK चीफ थिरुमावलवन ने शुक्रवार सुबह सार्वजनिक रूप से कहा था कि उनकी पार्टी TVK को समर्थन देगी। लेकिन देर रात तक समर्थन का औपचारिक पत्र नहीं सौंपा। इसके कारण 9 मई को विजय के CM पद की शपथ दूसरी बार टालनी पड़ी थी।
इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते।
इस बीच कांग्रेस ने हॉर्स ट्रेडिंग के डर से अपने पांच विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन विधायकों के ग्रुप का नेतृत्व कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक TVK सरकार बनने पर पी. विश्वनाथन को मंत्री बनाया जा सकता है।







