अभनपुर (विश्व परिवार)। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक हेमन्त कुमार साहू को विधायक इन्द्र कुमार साहू के हाथों सम्मानित किया गया। शिक्षा, नवाचार एवं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, प्रतिभा एवं भविष्य को दिशा देने वाला राष्ट्र निर्माता होता है। इसी भावना के साथ शिक्षक हेमन्त कुमार साहू को उनके शैक्षणिक एवं नवाचारपरक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करते हुए हेमन्त कुमार साहू ने कहा कि शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान उसके विद्यार्थियों की सफलता और समाज के प्रति उनकी सकारात्मक भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने तथा विद्यार्थियों को नई सोच एवं नवाचार के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी देता है।
विधायक इन्द्र कुमार साहू ने सम्मानित शिक्षक को बधाई देते हुए कहा कि समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक सोच से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने हेमन्त कुमार साहू को सम्मान मिलने पर प्राचार्य डॉ तारा त्रिपाठी, एस आर साहू , लोकेश्वर साहू , हरिकृष्ण भोगल सहित समस्त स्टाफ ने शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







