रायपुर (विश्व परिवार) । प्रदेश की प्रतिष्ठित समाजिक व साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा जारी समाज सापेक्ष कार्यों के क्रम में आज रायपुर के मनोहर जीवन कल्याण वृद्ध निवास में गीतांश बोथरा का जन्मदिन उत्सवित किया गया । उल्लेखनीय है कि वक्ता मंच से जुड़े प्रबुद्धजन प्रमुख त्यौहारों, जन्मदिवस, वर्षगांठ जैसे अवसरों को बाल आश्रम, वृद्धाश्रम, दिव्यांग गृह में जाकर उत्सवित करते रहते है । इसी क्रम में आज गीतांश बोथरा के अभिभावकों ने वक्ता मंच के माध्यम से वृद्धाश्रम में पहुंचकर सेवा कार्य किया । इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कुछ घंटे वृद्धजनों के मध्य साहित्यिक, क्रीड़ात्मक व मनोरंजक गतिविधियों के साथ व्यतीत किए । वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने जानकारी दी है कि कार्यक्रम के अंत में आश्रम के रहवासियों हेतु रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया । वक्ता मंच के संयोजक शुभम साहू के नेतृत्व में संपन्न इस कार्यक्रम में मनीष अवस्थी, गीतांश बोथरा, ज्योति शुक्ला, हेमलाल पटेल , परम कुमार, श्वेता बोथरा, अंकित बोथरा, मन्नूलाल यदु, यशवंत यदु , आराध्या यदु सहित अनेक प्रबुद्धजन सम्मिलित हुए । कार्यक्रम के अंत में वक्ता मंच द्वारा मनोहर जीवन कल्याण वृद्ध निवास के रहवासियों के स्वस्थ व सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए यहां पर आगे भी इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रखने की घोषणा की ।







