रायपुर (विश्व परिवार)। कटोरा तालाब इलाके में वाहन चोरों ने एक ही रात में 10 गाड़ियों को निशाना बनाया। चोर अलग-अलग जगहों से गाड़ियां चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। CCTV फुटेज में भी चोर गाड़ियां चोरी कर ले जाते नजर आए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में सिविल लाइन थाने में चोरी की FIR दर्ज हुई है। FIR के मुताबिक, घटना 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे से 16 अगस्त की सुबह 7 बजे के बीच हुई। कटोरा तालाब के पास रहने वाले वाय गणेश ने अपनी रॉयल एनफील्ड 350 इलेक्ट्रा (CG04PA5207) को घर के बाहर खड़ा किया था। सुबह करीब 7 बजे देखा तो बाइक वहां नहीं थी।
घर के सामने से बाइक गायब
FIR में शिकायतकर्ता ने बताया कि बाइक 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे तक घर के बाहर खड़ी थी। अगले दिन सुबह सफाई करने के दौरान बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
चोरी हुई रॉयल एनफील्ड 350 इलेक्ट्रा काले रंग की है। FIR में इसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर CG04PA5207 है।
FIR में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस
सिविल लाइन पुलिस ने 16 अगस्त को दोपहर 3:28 बजे FIR दर्ज की। मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। FIR में आरोपी के तौर पर अज्ञात व्यक्ति का उल्लेख है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। एक ही रात में कई वाहन चोरी होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।







