- वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन एवं महापौर अलका बाघमार ने वितरित की प्रधानमंत्री आवास की चाबियां
- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित अभियान में सैकड़ों नागरिकों ने लिया लाभ
- एक ही स्थान पर मिले विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पंजीयन और लाभ के अवसर
दुर्ग (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा श्रद्धेय मोतीलाल वोरा सभागार में 18 से 20 जून 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के समापन अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन एवं महापौर अलका बाघमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आयुक्त सुमित अग्रवाल, रंजीता पाटिल, ललिता ठाकुर, उपायुक्त मोहेंद्र साहू, मोहम्मद सलीम सिद्दीकी, प्रकाशचंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समापन समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) के हितग्राहियों को विधायक रिकेश सेन एवं महापौर अलका बाघमार ने आयुक्त सुमित अग्रवाल की उपस्थिति में आवास की चाबियां एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा तीन हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।
योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
तीन दिवसीय शिविर में नगर पालिक निगम दुर्ग के विभिन्न विभागों, स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर निगम भिलाई तथा नगर निगम रिसाली सहित विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में कुल 176 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 63 आवेदनों को त्वरित कार्रवाई एवं निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
शिविर के दौरान आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सूर्यघर योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने पंजीयन कराया तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलती है तथा शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस विशेष शिविर में नागरिकों को विभिन्न योजनाओं में पंजीयन एवं लाभ प्राप्त करने की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम प्रशासन भविष्य में भी जनहित के ऐसे कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करता रहेगा।







