धमतरी (विश्व परिवार)। धमतरी जिले की बदहाल सड़कों की वजह से आम जनता को ही रही परेशानी के विरोध में छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना ने अनोखा प्रदर्शन किया. सेना के कार्यकर्ताओं ने सिहावा रोड पर दीया जलाकर विरोध जताया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का कहना था कि यह प्रदर्शन सड़क पर दीया जलाकर इसलिए किया गया है, क्योंकि जिले की सड़कें गड्ढों से भर चुकी है. यह समझ में नहीं आता कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क. हर रोज इन गड्ढों की वजह से दुर्घटना हो रही है. बात की जाए सिहावा रोड की तो इस रोड से जब भी कोई बड़ी वाहन सड़क से गुजरती है, तो दो पहिया वाहन सवार बिल्कुल भी नजर नहीं आता, वह धूल में समा जाता है. जो भी व्यक्ति अच्छे कपड़े पहन कर निकलता है, वह धूल से नहा लेता है. धमतरी शहर के सभी सड़कों का यही हाल है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिम्मेदार केवल बारिश के बाद सड़क बनाए जाने की बात कहते हैं, लेकिन सड़क में गिट्टी डालकर उसे और बर्बाद करने का कार्य जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि कर रहे हैं. इससे आम जनता केवल परेशान हो रही है. सड़क पर उड़ने वाले धूल के गुब्बार से खंभे में लगी लाइट भी दिखाई नहीं देती, इसलिए सड़क में हाथों में दीए जलाकर सोए हुए अधिकारी और नेताओं को जगाने के साथ इस धूल में सने हुए अंधेरे को उजाले में तब्दील करने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है।







