गरियाबंद (विश्व परिवार)। जिले के छुरा ब्लॉक के हाई स्कूल रूवाड़ में भवन की कमी से नाराज ग्रामीणों और पालकों ने मंगलवार सुबह स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। सुबह करीब 7 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंचे और गेट पर ताला लगाकर परिसर के बाहर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के लिए लंबे समय से नए भवन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त कमरे नहीं हैं। ऐसे में एक ही कमरे में एक से अधिक कक्षाएं संचालित करनी पड़ रही हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ शिक्षकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भवन की समस्या को लेकर ग्रामीण और पालक काफी समय से अपनी मांग उठा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार सुबह वे बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल में पर्याप्त कमरों और नए भवन की व्यवस्था जल्द कराने की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद छुरा के BEO और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्कूल की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समस्या के समाधान का भरोसा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि भवन की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उनकी मांग है कि स्कूल के लिए जल्द से जल्द पर्याप्त भवन और कक्षों की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से हो सके।








