रायपुर (विश्व परिवार)। शुक्रवार को रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम रायपुर जोन 2 अंतर्गत दानवीर भामाशाह वार्ड क्रमांक 26 में रायपुर पश्चिम विधायक प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत और नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने पहुंचकर नगर निगम सभापति जोन 2 पदेन अध्यक्ष सूर्यकांत राठौड, लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन 1 जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, दानवीर भामाशाह वार्ड पार्षद रामहीन कुर्रे, पूर्व पार्षद ओंकार बैस, पुरुषोत्तम देवांगन, पार्षद प्रतिनिधि रूस्तम कुर्रे, मंडल अध्यक्ष जैन, सामाजिक कार्यकर्ता राजू मारकंडे सहित बड़ी संख्या में वार्ड 26 क्षेत्र की महिलाओं, गणमान्यजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, नवयुवकों और बच्चों की उपस्थिति में श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर विभिन्न स्थानों पर लगभग 50 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए तथा लगभग 75 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का पूर्णता पश्चात लोकार्पण कर नागरिकों को शानदार सौगात दी।
रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पहले वार्ड 26 में सड़क तक नहीं थी। वे जब विधायक और मंत्री बने तब उन्होंने यहां की हर गली-मोहल्ले में सड़क बनवाई। वे जब नगरीय प्रशासन मंत्री थे तब उन्होंने पाइप लाइन डालने और पानी उपलब्ध कराने के लिए 18 लाख रुपये राज्य शासन से स्मार्ट सिटी को दिलवाए। पाइप लाइन बिछाने में 18 लाख रुपये व्यय कर दिए गए, किंतु किसी को पानी प्राप्त नहीं हुआ। अब जब वे पुनः नागरिकों द्वारा विधायक बनाए गए हैं तो उन्होंने ठक्कर बापा वार्ड में राज्य शासन से 18 करोड़ रुपये नगर निगम को स्वीकृत करवाकर नया जलागार बनवाना प्रारंभ करवाया। जलागार बनने पर पानी की समस्या का स्थायी निदान हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रतिपक्ष से इसका श्रेय लेना चाहते हैं, किंतु जब पूर्ववर्ती सरकार थी तो उस समय के जनप्रतिनिधियों ने कोई काम नहीं किया। यदि किया है तो उसे बताएं। राजेश मूणत ने मंच से मिनीमाता चौक गुढियारी के पास भवन के सामने जनसुविधा हेतु नया शेड निर्माण के लिए विधायक निधि से आवश्यक स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की। उन्होंने महापौर, सभापति और पार्षद से वार्ड 26 की गरीब महिलाओं को समूह बनाकर सरकार की एनयूएलएम योजना के अंतर्गत सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध कराकर रोजगारयुक्त बनाने की अपील की। साथ ही आवश्यकतानुसार निवासियों को ठेला-गुमटी उपलब्ध कराकर रोजगार से जोड़ने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रभावितों को मुआवजा दिए बिना नहीं किया जाएगा। मुआवजा देने के बाद ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम रायपुर में पिछले तीन कार्यकालों में लगातार 15 वर्षों तक रही पूर्ववर्ती सरकारों की गलतियों को सुधारने में वर्तमान शहर सरकार का काफी समय लग रहा है, किंतु वर्तमान शहर सरकार नागरिकों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए संकल्पपूर्वक कार्य कर रही है। कार्यों को सुधारकर सही दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद रामहीन कुर्रे काफी सक्रिय, जागरूक और संवेदनशील जनप्रतिनिधि हैं। वे वार्डवासियों के जल संकट को लेकर सदैव प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करती हैं और समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहती हैं।
सभापति सूर्यकांत राठौड ने कहा कि वार्ड 26 में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर लगभग 30 लाख रुपये के पाइप लाइन विस्तार एवं आवश्यक मरम्मत कार्य प्रारंभ किए गए हैं। आज सुबह ही इन कार्यों का श्रेय गलत तरीके से लेने की कोशिश प्रतिपक्ष के लोगों ने क्षेत्र की महिलाओं को जोन कार्यालय भेजकर की। किंतु वार्ड और क्षेत्र की जनता जानती है कि कौन जनप्रतिनिधि जल समस्या के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही ठक्कर बापा वार्ड में नई पानी टंकी तैयार हो जाएगी और वार्ड 26 के रहवासियों को वर्ष 2027 की गर्मियों में पर्याप्त पेयजल नगर निगम के माध्यम से सहजता से उपलब्ध हो सकेगा।







