छत्तीसगढ़बालोद

मुख्य सचिव से पहचान बताकर नौकरी दिलाने का झांसा, 7 लोगों से 25.50 लाख की ठगी; महिला गिरफ्तार

बालोद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने ऐसे शातिर महिला को गिरफ्तार किया है जो छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से पहचान बताकर बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर ठगने का काम करती थी। आरोपी महिला ने अब तक 7 लोगों से लगभग 25 लाख 50 हजार रुपये की रकम ऐंठ ली है। पीड़ितों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कृषि विभाग और अस्पताल में नौकरी का दिया झांसा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला लता धीवर (उम्र 36 वर्ष), पति आकाश धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 05 ने पीड़ितों को मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन से पहचान होने का झांसा दिया था। उसने किसी को कृषि विभाग तो किसी को जिला अस्पताल में नौकरी लगाने का वादा किया था। हाल ही में तीन पीड़ितों से उसने नौकरी के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये ठगे थे। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में की।
25 लाख से ज्यादा की ठगी कर ट्रांसफर किए पैसे
पुलिस की शुरुआती पूछताछ और जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी महिला लता धीवर अब तक कुल 7 लोगों को अपना शिकार बना चुकी है और उनसे कुल 25 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर चुकी है। आरोपी महिला ने ठगी की इस पूरी रकम को खुद के पास न रखकर अपने एक साथी द्वारा दिए गए बैंक खाते में ट्रांसफर किया है। पुलिस अब उस बैंक खाते और महिला के मददगार साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई और ज्यूडिशियल रिमांड
पीड़ितों की लिखित शिकायत पर बालोद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी महिला को ज्यूडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts