- मिजोरम के राज्यपाल जनरल डॉ. वी. के. सिंह, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की गरिमामयी उपस्थिति; ‘महावीरायतन संदेश’ एवं ‘भारत गौरव’ पुस्तकों का विमोचन
मुंबई (विश्व परिवार)। महावीरायतन फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ‘विश्व मैत्री महोत्सव’ रविवार को यशवंतराव चव्हाण सभागृह, नरीमन पॉइंट, मुंबई में भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
महावीरायतन फाउंडेशन के संस्थापक श्रद्धेय श्री देवेंद्र ब्रह्मचारी जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान महावीर के अहिंसा, करुणा, मैत्री और सह-अस्तित्व के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाना तथा समाज में एकता, सद्भाव और विश्वबंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान महावीर के चित्र के अनावरण के साथ हुआ। इसके पश्चात मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। श्री घेवरचंद बोहरा जी
चेयरमैन, जैन इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन (JIO) ने स्वागत उद्बोधन दिया।
समारोह में मिजोरम के राज्यपाल जनरल डॉ. वी. के. सिंह, केंद्रीय मंत्री श्री रामदास आठवले तथा महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मंगल प्रभात लोढ़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक सद्भाव, मानवीय मूल्यों और समाज के प्रति उत्तरदायित्व के महत्त्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर राज्यपाल जनरल डॉ. वी. के. सिंह ने ‘महावीरायतन संदेश’ एवं ‘भारत गौरव’ पुस्तकों का विमोचन किया।
धर्मसभा में पूज्य जनसंत श्रमणोपाध्याय श्री 108 विरंजन सागर जी मुनिवर ससंघ तथा पूज्य श्री प्रसन्नचन्द्र विजयजी महाराज उपस्थित रहे। संतों ने भगवान महावीर की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए अहिंसा, करुणा, परस्पर सम्मान और सामाजिक एकता को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने मैत्री और सद्भाव को समाज को जोड़ने तथा विश्व शांति की दिशा में आगे बढ़ने का महत्त्वपूर्ण आधार बताया।
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में घेवरचंद बोहरा, माणिकलाल मूलचंद शाह, चंद्रकुमार जाजोदिया, आनंद प्रकाश यादव, के. सी. जैन, ख्यालीलाल तातेड़, जयेश शाह, सुदर्शन डांगी, महेंद्र तुरखिया, मनीष गंगवाल, जमनालाल हपावत, प्रदीप गोधा, गणपत कोठारी, अनिल मुरारका, प्रकाश छाबड़ा, मयूरी चोरडिया, संदीप के. सी. जैन, विपुल कुमार भूपेंद्रभाई राठोड तथा कीर्ति जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन विधि जैन (आरजे) ने किया। आयोजन के समन्वय में अशोक जैन (शास्त्री), रोशन कैलावत, प्रकाश चौपड़ा, राकेश जैन, नाहर, अभिषेक जैन, उरवा जोशी तथा किशन सोहन गिरी का योगदान रहा।
‘विश्व मैत्री महोत्सव’ ने भगवान महावीर के शाश्वत सिद्धांतों की समकालीन प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए यह संदेश दिया कि स्थायी सामाजिक एकता और विश्व शांति के लिए अहिंसा, करुणा, परस्पर सम्मान तथा मानवीय संवेदना को जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है।







