देशनई दिल्ली

कोलकाता से 18 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ, पीएम ने कहा–विकसित बंगाल बनेगा विकास का इंजन

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। कोलकाता में विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज की पहलें पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं से व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों का जीवन आसान होगा।
पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। खड़गपुर–मोरेग्राम एक्सप्रेसवे के पूरा होने से राज्य के कई हिस्सों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। दुबराजपुर बाईपास और कांग्सावती तथा शीलावती नदियों पर बनने वाले बड़े पुलों से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लोगों को बधाई दी।
रेलवे के आधुनिकीकरण पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि देश में रेलवे के आधुनिकीकरण का बड़ा अभियान चल रहा है और केंद्र सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पश्चिम बंगाल इसमें पीछे न रहे। कलाईकुंडा और कानिमहुली सेक्शन में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली राष्ट्र को समर्पित की गई है। इससे व्यस्त रेल मार्ग की क्षमता बढ़ेगी, यात्रा अधिक सुरक्षित होगी और यात्रियों को बेहतर गति और सुविधा मिलेगी।
अमृत स्टेशन योजना के तहत छह स्टेशनों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने बताया कि कामाख्या गुड़ी, अनारा, तमलुक, हल्दिया, बराभूम और सिउड़ी समेत छह स्टेशनों का अमृत स्टेशन के रूप में उद्घाटन किया गया है। इन स्टेशनों में बंगाल की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई देगी। इसके अलावा पुरुलिया और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई है, जिससे पश्चिम बंगाल के साथ झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
पोर्ट और जल परिवहन को मिल रही नई गति
नरेंद्र मोदी ने कहा कि सड़क और रेल के साथ-साथ पोर्ट और जल परिवहन भी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पूर्वी भारत की इस क्षमता की उपेक्षा हुई, लेकिन अब जलमार्ग व्यापार और उद्योग के नए अवसर खोल रहे हैं।
बंदरगाहों के आधुनिकीकरण पर जोर
कोलकाता और हल्दिया जैसे बंदरगाहों के आधुनिकीकरण पर जोर दिया जा रहा है। हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स का मशीनीकरण किया जा रहा है, जिससे कार्गो संचालन तेज होगा और बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही कोलकाता डॉक सिस्टम में बास्कुल ब्रिज के नवीनीकरण और खिदिरपुर डॉक में कार्गो हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।
मजबूत कनेक्टिविटी से बनेगा विकसित बंगाल
पीएम ने कहा कि सड़क, रेल और पोर्ट से जुड़ी ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल के आधुनिक भविष्य के लिए नए रास्ते खोलेंगी। इससे किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और छात्रों सभी को लाभ मिलेगा और पर्यटन तथा स्थानीय उद्योगों को भी गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकसित बंगाल की मजबूत नींव बनेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts