रायपुर (विश्व परिवार)। गैस किल्लत की समस्या को देखते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने अवैध रूप से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 45 नग छत्तीसगढ़ गैस के सिलेंडर और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है। यह कार्रवाई रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र में की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली स्थित शान-ए-पंजाब ढाबा के सामने तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर एक सफेद पिकअप वाहन (CG 04 QK 6282) में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर रखकर ग्राहक की तलाश की जा रही है। सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस टीम पहुंची और वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा।
जांच के दौरान वाहन में एक खाली इंडियन कंपनी का सिलेंडर, 37 भरे हुए और 7 खाली छत्तीसगढ़ गैस के कॉमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए। कुल 45 सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 74 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि पिकअप वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं मौके पर मौजूद वाहन चालक गिनेश्वर प्रसाद साहू (32 वर्ष) निवासी कुरूद, आरंग थाना और कंडक्टर लादूराम (29 वर्ष) निवासी जोधपुर (राजस्थान) से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सिलेंडर मालिक भूपेश्वर प्रसाद साहू के हैं और वे उसी के निर्देश पर काम कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सिलेंडर और वाहन जब्त कर धारा 106 BNSS के तहत कार्रवाई की। मामला खाद्य विभाग से संबंधित होने के कारण आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खाद्य निरीक्षक शुभा गुप्ता को सुपुर्द किया गया है।





