रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्ष ने शहर में बढ़ते जल संकट के मुद्दे पर चर्चा की मांग उठाई। हालांकि सभापति ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर दोनों पक्षों की सहमति नहीं बन पाने के कारण चर्चा नहीं कराई जाएगी।
यह विशेष बैठक महिला सशक्तिकरण से जुड़े जनजागरूकता अभियान को लेकर बुलाई गई है, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। सभा से पहले भाजपा पार्षदों ने “कांग्रेस शर्म करो” के नारे लगाए और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।
वहीं विरोध दर्ज कराने के लिए महापौर और भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर बैठक में पहुंचे। सभा में पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षद मौजूद हैं। संभावित हंगामे को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं। फिलहाल, हंगामे के बीच बैठक की कार्यवाही जारी है।
पिछली बैठक में 14 एजेंडों पर चर्चा
नगर निगम की पिछली सामान्य सभा 9 अप्रैल को आयोजित हुई थी, जिसमें 14 एजेंडों पर चर्चा की गई। सिटी कोतवाली चौक का नाम “जैन स्तंभ” रखने के प्रस्ताव पर जमकर बहस हुई, लेकिन विपक्ष के विरोध के बाद इसे निरस्त कर दिया गया।
बाकी एजेंडे बहुमत से पारित किए गए, जबकि किरण बिल्डिंग परिसर में दुकानों के व्यवस्थापन से जुड़े मुद्दे पर शासन से मार्गदर्शन लेने का निर्णय लिया गया।





