नई दिल्ली/रायपुर (विश्व परिवार)। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते इसका असर अब भारत के ईंधन बाजार पर भी पड़ने लगा है। यदि कीमतों में वृद्धि होती है तो आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ सकती है।
राजधानी रायपुर में वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 103.58 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.57 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण समुद्री मार्गों और तेल आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है, जिसका सीधा असर भारत समेत कई देशों पर पड़ सकता है।
व्यापारी संगठनों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि ईंधन की कीमतों में वृद्धि होती है तो परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं। इसका असर खाद्य सामग्री, सब्जियों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य नहीं हुए तो आने वाले समय में आम लोगों की जेब पर और बोझ बढ़ सकता है।







