रिसाली (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम रिसाली ने विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। जिसमें पर्यावरण संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय को लेकर जनप्रतिनिधि व स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडरों ने गंभीरता पूर्वक चर्चा की। उन्होंने संयुक्त रूप से न केवल जागरूकता अभियान व धरातल पर विशेष रूप से कार्य करने पर एक मत हुए। निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने विशेष रूप से वक्ताओं की बातों को सुनकर निष्कर्ष और समाधान बताया।
स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और नगरीय विकास कार्यशाला का मुख्य विषय था। कार्यशाला की शुरूआत में महापौर शशि सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता को लेकर देश का सर्वोच्च न्यायालय बेहद गंभीर है। यही वजह है कि सरकार अब नए कानून के रूप में न्यायालय के निर्देशों का पालन कर रही है। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित ब्रांड एम्बेसेडर और वक्ताओं से आव्हान किया कि वे अपने-अपने विधा में परांगत है। इसका फायदा सीधे तौर पर नागरिकों को पहुंचाए। उन्हें जागरूक होने के साथ-साथ यह भी बताएं कि आने वाले समय में पर्यावरण अथवा स्वच्छता से खिलवाड़ करने पर न केवल जुर्माना होगा, बल्कि कानूनी दांव पेच का अलग से सामना करना पड़ेगा। रिसाली निगम के विशेष कार्यशाला में सभापति केशव बंछोर, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, एमआईसी ममता यादव, सनीर साहू, जमुना ठाकुर, पार्षद शीला नारखेड़े ममता सिन्हा, सविता ढवस, रेखा देवी, सरिता देवांगन, ईश्वरी साहू, सीमा साहू आदि उपस्थित थे।
स्कूल से लेकर मोहल्ले तक चलेगा अभियान
कार्यशाला में ब्रांड एम्बेसेडर ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही स्कूल से लेकर काॅलेज और मोहल्ले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंेगे। उन्होंने मैदानी स्तर पर संयुक्त टीम के साथ भ्रमण करने की योजना भी तैयार की। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यशाला में महापौर शशि सिन्हा और आयुक्त मोनिका वर्मा ने ब्रांड एम्बेसेडर अशोक महेश्वरी, एस सजीव, रजनी रजक, डाॅ. राखी राय, डाॅ. डी. पी. देशमुख, प्रदीप साहू, डाॅ. विपीन अरोरा, मनोज वर्मा, ललित वर्मा को परिचय पत्र देते हुए सम्मानित किया।
किया पौध रोपण
कार्यशाला के पश्चात वक्ताओं और जनप्रतिनिधि सीधे रिसाली सेक्टर पूर्व वार्ड क्र. 07 स्थित उद्यान पहुंचे। जहां पर 30 फलदार और छायादार पौध का रोपण किया। इस अवसर पर रोपे गए पौधे की देखभाल करने की जिम्मेदारी महिला समूह की सद्स्यों ने ली।








