छत्तीसगढ़दुर्ग

भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 50 फीट नीचे गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन

दुर्ग (विश्व परिवार)। भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस एरिया में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
केबिन नीचे गिरते समय बीच में स्टील बीम से टकराता हुआ नीचे पहुंचा। इसी वजह से वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, केबिन के भीतर बैठे ऑपरेटर को अंदरूनी चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद घायल रविंद्र चौधरी को मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर निगरानी में रखा है। हादसे की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन करने के बाद संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। इसके बावजूद केबिन का टूटकर गिर जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब यह जांच का विषय होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts