छत्तीसगढ़

एनएमडीसी, बचेली की अनूठी पहल: बस्तर के आदिवासी युवाओं को मिलेगा मेडिकल टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में निःशुल्क उच्च शिक्षा का मौका

बचेली (विश्व परिवार)। बस्तर क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्र-छात्राओं को चिकित्सा के क्षेत्र में एक बेहतर भविष्य देने के लिए एनएमडीसी (NMDC) बचेली के सीएसआर (CSR) विभाग द्वारा एक सराहनीय कदम उठाया गया है।
‘एनएमडीसी स्वास्थ्य कौशल योजना, 2026’ के अंतर्गत 18 जुलाई 2026 को जावंगा स्थित आस्था विद्या मंदिर में विभिन्न मेडिकल टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए लिखित प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया।
इस विशेष शैक्षणिक पहल के लिए एनएमडीसी, बचेली के सीएसआर विभाग द्वारा 14 जून 2026 को समाचार पत्रों में अधिसूचना जारी की गई थी, जिसके तहत दंतेवाड़ा और बस्तर जिले के इच्छुक छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस प्रक्रिया के बाद कुल 428 योग्य विद्यार्थियों का चयन किया गया, जो इस लिखित प्रवेश परीक्षा में अपनी किस्मत आज़माने सम्मलित हुए।
परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के लिए आंध्र प्रदेश के चित्तूर स्थित प्रसिद्ध अपोलो यूनिवर्सिटी से शिक्षिकाएं जावंगा पहुंची और आयोजन में सहयोग किया।
लिखित परीक्षा के परिणामों के बाद छात्र-छात्राओं का चयन विशुद्ध रूप से योग्यता के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने वाले विद्यार्थियों का अंतिम रूप से मेडिकल परीक्षण होने के बाद उन्हें अपोलो यूनिवर्सिटी, चित्तूर में भेजा जाएगा। सबसे खास बात यह है कि इन सभी चयनित छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, रहने और खाने का संपूर्ण खर्च एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा।
इस पूरी परीक्षा और चयन प्रक्रिया का आयोजन एनएमडीसी के उप-महाप्रबंधक (मा.सं.) सीएसआर के कुशल मार्गदर्शन तथा सीएसआर विभाग के समस्त कर्मचारियों के सक्रिय सहयोग से संपन्न किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts