छत्तीसगढ़रायपुर

महापौर मीनल चौबे ने जोन 1, 3 और 4 के कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। सोमवार को नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 1, 3, 4 में पार्षदों की बैठक अधिकारियों की उपस्थिति में लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश जोन अधिकारियों को दिए। महापौर ने जोन 1, 3, 4 में वार्डों में सफाई की लचर व्यवस्था एवं विभिन्न स्थानों पर जलभराव की समस्या को लेकर गहन नाराजगी व्यक्त की तथा नाले-नालियों की सफाई, अवैध पाटों को तोड़कर तले तक व्यवस्थित रूप से साफ कराने एवं गंदे पानी का निकास सुगम बनाने का कार्य पार्षदों से समन्वय बनाकर प्राथमिकता से कराने के निर्देश जोन कमिश्नरों एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए। महापौर ने जलभराव की समस्या के निदान के लिए वार्डों में व्यवहारिक आवश्यकता के अनुसार नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
महापौर मीनल चौबे द्वारा जोन 1, 3 एवं 4 में ली गई समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अनेक आवश्यक निर्देश दिए गए।
पेंशन प्रकरणों के संबंध में महापौर ने निर्देशित किया कि समस्त लंबित पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे हितग्राहियों को बार-बार नगर निगम के चक्कर न लगाने पड़ें। पेंशन वितरण में आ रही समस्याओं के संबंध में आईडीबीआई बैंक को आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने एवं समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अवैध निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई महापौर ने निर्देशित किया कि जिन अवैध निर्माणों को नियमानुसार तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उन पर बिना विलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्राथमिकता के आधार पर मुख्य मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं यातायात बाधित करने वाले अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जाए, तत्पश्चात अन्य क्षेत्रों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
5000 वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल वाले प्लॉट महापौर ने निर्देशित किया कि 5000 वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल वाले प्लॉट पर व्यावसायिक उपयोग की अनुमति हेतु पूर्णता प्रमाण पत्र की प्रति नगर निगम में जमा कराना अनिवार्य किया जाए। बिना आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी प्रकरण का निराकरण न किया जाए।
अवैध निर्माण की रोकथाम महापौर ने निर्देश दिए कि अवैध निर्माण की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। निर्माण पूर्ण होने की प्रतीक्षा करने के बजाय प्रारंभिक स्तर पर ही प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जाए।

जलभराव एवं पेयजल समस्या महापौर ने निर्देशित किया कि जलभराव एवं पेयजल संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु नियमित कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। जिन बड़े नालों में जलभराव की स्थिति बनती है, वहां आवश्यकतानुसार अवरोधक दीवार हटाने एवं जल निकासी सुचारु करने की कार्रवाई की जाए। नालियों की नियमित सफाई, सड़कों का समुचित रखरखाव एवं जल निकासी व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
मूलभूत नागरिक सुविधाएं महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों जैसे पेयजल, विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट संबंधी समस्याओं पर विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए। आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने हेतु सभी संबंधित अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें।
समग्र निर्देश महापौर ने बैठक में समीक्षा किए गए सभी बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
महापौर मीनल चौबे द्वारा जोन 1 में ली गई समीक्षा बैठक में जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, पार्षद अंबिका साहू, परमिला बल्ला राम साहू, डॉ. मनमोहन मनहरे, राजेश कुमार देवांगन, सोहन लाल साहू, एल्डरमेन बी. श्रीनिवास राव, विक्रम सिंह ठाकुर, जोन 1 जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सहित अन्य जोन अधिकारियों की उपस्थिति रही।
जोन 3 में ली गई बैठक में जोन अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, एमआईसी सदस्य संतोष सीमा साहू, प्रदीप कुमार वर्मा, कैलाश बेहरा, महेश कुमार ध्रुव, जोन 3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह सहित अन्य संबंधित जोन अधिकारियों की उपस्थिति रही।
जोन 4 की बैठक में जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, एमआईसी सदस्य संजना संतोष हियाल, पार्षद अर्जुमन एजाज ढेबर, अजय साहू, जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित संबंधित अन्य जोन अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts