रायपुर (विश्व परिवार)। श्री दावड़ा विश्वविद्यालय, नया रायपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में तीन प्रमुख गतिविधियों के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकीकरण, विविधता में एकता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में भाग लेकर परिसर की स्वच्छता, स्वच्छता व्यवहार, उचित अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्लास्टिक के कम उपयोग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। श्री दावड़ा विश्वविद्यालय के सीईओ चिन्मय दावड़ा, डायरेक्टर जनरल डॉ चार्मी दावड़ा, मानद निदेशक तुलसीदास सिंघानी, प्रति कुलपति डॉ. वरुण गंजीर, कुलसचिव विपिन श्रीवास्तव ने इस बहुउद्देशीय कार्यक्रम की जमकर सराहना की और सामाजिक एकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. स्मिता प्रेमानंद, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक अंजलि शर्मा, सोनल जलछत्री, रचना, बुशरा खान, विवि के सभी संकायों के अधिष्ठाता, प्राध्यापकगण, एनएनएस स्वयंसेवक सहित सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।







