छत्तीसगढ़रायपुर

छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप, आरोपी फरार

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर में छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवती को भारी पड़ गया। आरोप है कि छेड़छाड़ से नाराज युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
अचानक आग की लपटों में घिरी युवती ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
माना इलाके में हुई वारदात
घटना माना थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर युवती को आग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या के प्रयास की धाराओं में केस
पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी किस दिशा में गया। अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता के बयान, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts