रायपुर

ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल में ‘अनुभूति’ का आयोजन, नाट्य झांकियों में जीवंत हुए बापू के आदर्श…

  • सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह की गाथा को नवमीं के विद्यार्थियों ने मंच पर उतारा..

रायपुर (विश्व परिवार)। ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल में गांधी जयंती की थीम पर “अनुभूति” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और आदर्शों को संगीतमय नाट्यरूपी झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन आयुषमान सोनी, शिवांश अग्रवाल, आर्या, खनक और शुभांगी ने किया। संचालकों ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि सत्य एक कठिन मार्ग है, पर वह अंततः विजय तक पहुँचाता है। उन्होंने अहिंसा को ऐसी शक्ति बताया जो बिना हथियार के भी इतिहास की दिशा बदल सकती है। कार्यक्रम का आरंभ “गांधी किसी कमजोरी का नाम नहीं” पंक्तियों की प्रस्तुति से हुआ, जिनमें सत्य, अहिंसा, मानवता और शांति को सबसे बड़ी ताकत बताया गया।

झांकियों की श्रृंखला में ग्रेड 9-सी के विद्यार्थियों ने गांधी जी के प्रेरणादायक बचपन को प्रस्तुत किया। ग्रेड 9-बी ने सत्याग्रह के शंखनाद को अभिनय के माध्यम से दर्शाया। ग्रेड 9-ए ने भारत छोड़ो आंदोलन का नाट्य मंचन किया, और ग्रेड 9-डी के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति दी। दर्शकों ने हर प्रस्तुति पर तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समापन पर विद्यार्थियों ने गांधी जी की तरह राष्ट्र और विद्यालय के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और निभाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts