माना कैंप (विश्व परिवार)। आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर “स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा ही संकल्प” अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत माना कैंप में विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गणेश विसर्जन एवं झांकी के उपरांत पंडालों तथा आसपास के क्षेत्रों में फैली गंदगी एवं कचरे की सफाई हेतु नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से श्रमदान किया गया। इस दौरान पंडालों के आसपास, सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान में नगर पंचायत माना कैंप के अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष के. एबु, पार्षदगण उर्मिला चौहान, काजल मंडल एवं राखी मंडल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ बाजपेयी, उप अभियंता मयंक साहू, थानेश्वर वर्मा सहित नगर पंचायत के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाई कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
श्रमदान कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चलचित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता की शपथ ली गई। इस अवसर पर स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण के लिए नियमित स्वच्छता, कचरा पृथक्करण तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने हेतु नागरिकों को भी प्रेरित किया गया।
नगर पंचायत माना कैंप द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें।







