Blog

राजनांदगांव में नवकार चौक और पारसनाथ मार्ग के नामकरण को सामान्य सभा की मंजूरी

  • सकल जैन समाज में हर्ष, महापौर, सभापति, नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षदगण के प्रति जताया आभार

राजनांदगांव (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम राजनांदगांव की सामान्य सभा की बैठक में शहर के दो महत्वपूर्ण स्थलों के नामकरण को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत वार्ड क्रमांक 30 में सन सिटी के निकट निर्माणाधीन नवकार मंदिर के समीप स्थित चौक का नाम ‘नवकार चौक’ तथा सदर बाजार स्थित पारसनाथ मंदिर से जैन बगीचा जाने वाले मार्ग का नाम ‘पारसनाथ मार्ग’ रखे जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस निर्णय से राजनांदगांव के सकल जैन समाज सहित सन सिटी सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में हर्ष का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में पार्षद एवं चेयरमैन राजेश जैन (रानू), पार्षद जैनम बैद , श्रुति लोकेश जैन एवं रेखा अभय पारख ने दोनों स्थलों के नामकरण का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव में सन सिटी के निकट निर्माणाधीन नवकार मंदिर के समीप स्थित चौक को ‘नवकार चौक’ नाम देने तथा सदर बाजार में पारसनाथ मंदिर के निकट से जैन बगीचा की ओर जाने वाले मार्ग को ‘पारसनाथ मार्ग’ नाम देने की मांग की गई थी। सामान्य सभा में इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए स्वीकृति प्रदान की गई।

जैन धर्म की आस्था और परंपरा से जुड़े हैं दोनों नाम

नवकार चौक और पारसनाथ मार्ग के नामकरण को जैन समाज की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और ऐतिहासिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है। नवकार मंदिर के समीप चौक का नाम ‘नवकार चौक’ रखे जाने से मंदिर क्षेत्र को एक विशिष्ट पहचान मिलेगी। वहीं, सदर बाजार में पारसनाथ मंदिर से जैन बगीचा मार्ग का नाम ‘पारसनाथ मार्ग’ किए जाने से इस क्षेत्र की धार्मिक पहचान को भी नई मान्यता मिलेगी।

जैन धर्म में नवकार मंत्र का विशेष आध्यात्मिक महत्व है, वहीं भगवान पार्श्वनाथ जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर हैं। ऐसे में इन नामों को स्वीकृति मिलना समाज के लिए धार्मिक और भावनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सन सिटी सोसायटी में भी खुशी

नगर निगम की सामान्य सभा में दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने पर सन सिटी सोसायटी के अध्यक्ष आनंद चोपड़ा सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। समाजजनों का मानना है कि इस प्रकार के नामकरण से धार्मिक स्थलों और उनसे जुड़े क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान स्थापित होती है तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

सकल जैन समाज ने जताया आभार

दोनों नामकरण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिलने पर सकल जैन समाज, राजनांदगांव ने महापौर मधुसूदन यादव, सभापति पारस वर्मा, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, चेयरमैन एवं पार्षद राजेश जैन (रानू) तथा नगर निगम के समस्त पार्षदगण के प्रति आभार व्यक्त किया है।

समाजजनों ने कहा कि जनभावनाओं और धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान से जुड़े प्रस्तावों को नगर निगम की सामान्य सभा में समर्थन मिलना प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों नामकरण शहर की पहचान को और समृद्ध करेंगे तथा धार्मिक आस्था से जुड़े इन स्थलों को नई विशिष्टता प्रदान करेंगे।

नगर निगम की सामान्य सभा से मिली इस स्वीकृति को सकल जैन समाज और सन सिटी सोसायटी के लिए खुशी का अवसर माना जा रहा है। अब संबंधित चौक और मार्ग को नए नामों से पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts