छत्तीसगढ़रायपुर

अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने 25 अक्टूबर को होगा ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’

  • ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम के साथ सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव, रायपुर में होगा आयोजन

रायपुर (विश्व परिवार)। अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर द्वारा 25 अक्टूबर को ‘आईएलएस वॉकथॉन 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। रविवार सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव, रायपुर में होने वाले इस कार्यक्रम की थीम ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ रखी गई है। इसके माध्यम से लोगों को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक कर जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने के संदेश का प्रसार किया जाएगा।

आईएलएस हॉस्पिटल की 26 वर्षों की सेवा यात्रा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इस पहल का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के जरिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों को अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।

वॉकथॉन को लेकर 23 अक्टूबर को पचपेड़ी नाका स्थित आईएलएस हॉस्पिटल के छठे तल पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें आईएलएस हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल, सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया, रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे और इंचार्ज-क्रिटिकल केयर डॉ. अभिषेक सिंह उपस्थित रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में वॉकथॉन के उद्देश्यों, आयोजन की तैयारियों, प्रमुख गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता के महत्व की जानकारी दी गई। आयोजकों के अनुसार, अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का अवसर प्रदान कर सकता है। हालांकि, जागरूकता की कमी और इससे जुड़ी भ्रांतियों के कारण कई लोग अब भी अंगदान के महत्व को पूरी तरह नहीं समझ पाते हैं।

आईएलएस हॉस्पिटल की इस पहल का उद्देश्य अंगदान से जुड़ी गलतफहमियों को दूर करना, सही जानकारी का प्रसार करना और लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही लोगों से अपील की जाएगी कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य सदस्यों को भी अंगदान के महत्व के बारे में बताएं।

आईएलएस हॉस्पिटल और स्टार हॉस्पिटल के विशेषज्ञों की संयुक्त पहल में डॉ. एम. श्रीनिवास रेड्डी एवं डॉ. एस. रघुराम रेड्डी की अनुभवी टीम का नेतृत्व रहेगा। इस पहल के माध्यम से अंगदान के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इस जीवनदायी अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ के संदेश के साथ आयोजित यह वॉकथॉन केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन बचाने के साझा संकल्प का प्रतीक है। आयोजकों ने नागरिकों से इसमें भाग लेकर अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की है।

कार्यक्रम का विवरण

  • कार्यक्रम: आईएलएस वॉकथॉन 2.0
  • दिनांक: रविवार, 25 अक्टूबर 2026
  • समय: सुबह 6 बजे
  • स्थान: मरीन ड्राइव, रायपुर
  • थीम: चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें
  • आयोजक: आईएलएस हॉस्पिटल, रायपुर

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts