छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार पर जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 6 कार्यालयों को मिली नगर राजभाषा शील्ड

रायपुर (विश्व परिवार)। शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर श्री दयानंद की अध्यक्षता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर की वर्ष 2026 की दूसरी छमाही बैठक रेल अधिकारी क्लब, उल्लास में आयोजित की गई ।
सर्वप्रथम मुख्‍य अतिथि एवं विशिष्‍ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्‍वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ । तत्पश्चात राजभाषा अधिकारी एवं सचिव, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्‍वागत किया गया । साथ ही समिति में नए जुड़े सदस्य कार्यालय ‘ केन्द्रीय जल आयोग, ऊपरी महानदी ’ का भी स्वागत किया गया ।
बैठक के प्रारंभ में निकेश कुमार पाण्डेय, राजभाषा अधिकारी द्वारा स्‍वागत भाषण दिया गया । उन्होंने अपने स्वागत भाषण में कहा कि “यद्यपि आप सभी राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए पूर्णतया गंभीर एवं सक्रिय हैं तथापि अनुरोध है कि कृपया अपने-अपने कार्यालयों में गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम को ध्‍यान में रखते हुए हिंदी का प्रयोग लगातार करते रहें ।’’
बैठक के दौरान नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर के सदस्य कार्यालयों की दिनांक 01.01.2026 से 31.06.2026 तक की अवधि की राजभाषा प्रगति की समीक्षा समिति के सचिव निकेश कुमार पाण्डेय द्वारा की गई । साथ ही विभिन्न मदों पर चर्चा भी की गई ।
अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि “राजभाषा संबंधी नीतियों के सफल कार्यान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु विशेष प्रबंधन की आवश्यकता नहीं है, बल्कि थोड़े से प्रयास से ही हम लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं । जिस प्रकार आपके थोड़े से प्रयास से सभी सदस्य कार्यालयों द्वारा धारा 3(3) का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया गया है, उसी प्रकार हम अन्य मदों का भी शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कर सकते हैं ।’’
बैठक के पश्‍चात अध्‍यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद के करकमलों से राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अवसर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर के सदस्‍य कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों / कर्मचारियों के लिए आयोजित विभिन्‍न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्‍कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये ।
साथ ही अध्‍यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद द्वारा वर्ष 2025 के दौरान सदस्‍य कार्यालयों को राजभाषा हिंदी में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने हेतु वृहद् एवं लघु कार्यालयों की श्रेणी में कुल 06 ‘नगर राजभाषा शील्‍ड ’ भी प्रदान किये गये ।
वर्तमान में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर के कुल 46 सदस्य कार्यालय हैं । बैठक का संचालन निकेश कुमार पाण्डेय, सचिव, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर एवं राजभाषा अधिकारी, द.पू.म.रेलवे, रायपुर ने किया । अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त हुई ।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts