रायपुर (विश्व परिवार)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित आंचलिक फुटबॉल प्रतियोगिता (मध्य क्षेत्र) 2026 में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। एन.एच. गोयल स्कूल, रायपुर के फुटबॉल मैदान में 23 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 2–1 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की पांच टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, रणनीति और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
शुरुआत से ही हरियाणा का दमदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के पहले दिन उद्घाटन एवं स्वागत समारोह के बाद छत्तीसगढ़ और हरियाणा के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें हरियाणा ने अपनी प्रभावी रणनीति के दम पर जीत दर्ज की। इसके बाद खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने मध्य प्रदेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दिन के एक अन्य मुकाबले में हरियाणा ने दिल्ली को पराजित कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।
25 अक्टूबर को खेले गए फाइनल में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने खिताब जीतने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन हरियाणा ने निर्णायक क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2–1 से जीत हासिल की और प्रतियोगिता की चैंपियन बनी। उत्तर प्रदेश को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
समापन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच मुश्ताक प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वे फुटबॉल संघ के अध्यक्ष तथा शेरा फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष भी हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I एवं कार्यालय प्रभारी जयवदन इंगले ने की।
इस अवसर पर श्री इंगले ने विजेता हरियाणा टीम को बधाई दी और आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपविजेता उत्तर प्रदेश सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में हरियाणा के सिंघराज को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया।







