छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में दो भीषण सड़क हादसे, बालोद और धमतरी में 3 की मौत, 2 घायल; कार के उड़े परखच्चे

बालोद/धमतरी (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस बीच दो अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। बालोद में जहां युवतियों की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी, तो वहीं धमतरी में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरु कर दी है।
ट्रक की टक्कर से कार सवार दो की मौत
पहला हादसा बालोद जिले में बिती रात हुआ है, जहां युवतियों की कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ड्राइवर समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज रायपुर में जारी है। वहीं पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।
ट्रक ने मारी कार को टक्कर
यह हादसा पुरुर थाना क्षेत्र के सुमित ढाबा के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि दो युवती कार में ड्राइवर के साथ रायपुर से जगदलपुर अपनी नानी से मिलने जा रही थी। इसी दौरान चारामा से धमतरी की तरफ जा रही आयरन भरा ट्रक ने पुरुर थाना क्षेत्र के सुमित ढाबा के पास उनकी कार को टक्कर मार दी।
दो की मौत, एक की हालत गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में कुमारी मनसा राणा (राखी) और उसके ड्राइवर राहुल पारख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राखी की बहन घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका ईलाज रायपुर में जारी है।
पुलिस की हिरासत में ट्रक चालक
इधर घटना की सूचना मिलते ही गुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को अपनी हिरासत में ले लिया। वहीं पुलिस ने जांच के साथ आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत
वहीं धमतरी जिला के भखारा थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी बाइक से हुई टक्कर
दरअसल ग्राम हंचलपुर निवासी 17 वर्षीय द्वारिका यादव अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर घूम रहा था। द्वारिका बाइक के पीछे बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के पास ही एक तेज रफ्तार बाइक के साथ उनकी आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई।
एक की मौत, दूसरा गंभीर
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि द्वारिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts