छत्तीसगढ़भिलाई

श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर तीन दिवसीय कार्यशाला 25 दिसंबर से

भिलाई (विश्व परिवार)। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न आयामों, उसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा उच्च शिक्षा में नवाचार की संभावनाओं पर केंद्रित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन 25, 26 एवं 27 दिसंबर 2026 को श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई में किया जाएगा। इस दौरान कार्यशाला के साथ कार्यकर्ता विकास वर्ग एवं प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे।

कार्यशाला की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति आई.पी. मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप बहुविषयक शिक्षा को प्रोत्साहित करना, विभिन्न ज्ञान-विषयों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा अनुसंधान एवं नवाचार की संस्कृति को विकसित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में रचनात्मक चिंतन, कौशल, उद्यमशीलता और समग्र व्यक्तित्व विकास की संभावनाओं को व्यापक बनाना भी कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी ने आयोजन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति एक व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है, जिसमें समग्र शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, कौशल विकास और बहुविषयक ज्ञान को समाहित किया गया है। उन्होंने कहा कि नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ इसके विभिन्न आयामों पर सारगर्भित चर्चा आवश्यक है। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा और प्रतिभागियों के सुझावों एवं अनुभवों के आधार पर ठोस निष्कर्ष निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विकसित जिला की योजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्य करने पर भी जोर दिया।

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक ओमप्रकाश शर्मा ने कार्यकर्ता विकास वर्ग के प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण सत्रों में देशभर से लगभग 300 कार्यकर्ता भाग लेंगे। वहीं, न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ. संजय स्वामी ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

बैठक में आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश सहित सूरत से क्षेत्र संयोजक डॉ. अतुल सराफ, रांची से डॉ. पीयूष रंजन, जबलपुर से डॉ. निलेश पांडे, औरंगाबाद से डॉ. विशाला शर्मा, कानपुर से डॉ. सुमित गुप्ता तथा रायपुर से डॉ. दिलीप केशरवानी शामिल हुए।

विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ ज्ञान सभा के बाद राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन का दायित्व विश्वविद्यालय को मिलना गौरव की बात है। इस आयोजन में देशभर के शिक्षाविद राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे और उच्च शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव साझा करेंगे।

राष्ट्रीय कार्यशाला एवं कार्यकर्ता विकास वर्ग की तैयारियों को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, प्रशिक्षण सत्रों और स्थानीय व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के डायरेक्टर विकास डॉ. सुशील चंद्र तिवारी, कुलसचिव डॉ. वैभव तिवारी, डॉ. स्वर्णली दास पॉल, डॉ. धनेश जोशी, पल्लवी सिंघाड़े, डॉ. गुरमीत और डॉ. अभिषेक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts