छत्तीसगढ़रायपुर

बैंक ऑफ इंडिया में स्टाफ भर्ती की मांग तेज, कर्मचारी यूनियन ने शुरू किया विरोध प्रदर्शन

रायपुर (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाईज यूनियन, छत्तीसगढ़ ने बैंक में पर्याप्त स्टाफ की भर्ती की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यूनियन का आरोप है कि बैंक में लगातार कर्मचारियों की कमी बनी हुई है, जिससे एक ओर ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने में परेशानी हो रही है, वहीं दूसरी ओर मौजूदा कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है। इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ में 19 अक्टूबर से प्रदर्शन कार्यक्रम शुरू किया गया है, जो प्रत्येक सोमवार से बुधवार तक आयोजित किया जा रहा है।

दो वर्षों में 15 कर्मचारियों की भर्ती का बैकलॉग

यूनियन के अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया देश के प्रमुख राष्ट्रीयकृत बैंकों में शामिल है। देश-विदेश में इसकी 5,300 से अधिक शाखाएं हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में बैंक की 70 शाखाएं संचालित हैं। आने वाले कुछ महीनों में राज्य में 8 से 10 नई शाखाएं खोले जाने की भी योजना है।

इसके बावजूद यूनियन का कहना है कि स्टाफ भर्ती में पर्याप्त संख्या में नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में आवंटित 10 कर्मचारियों के मुकाबले केवल 5 कर्मचारी ही बैंक में आए। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में 20 के मुकाबले सिर्फ 10 कर्मचारी मिले। इस तरह दो वर्षों में कुल 15 कर्मचारियों की भर्ती का बैकलॉग बन गया है। यूनियन ने मांग की है कि इस कमी को वेटिंग लिस्ट के माध्यम से पूरा किया जाए।

40 शाखाओं में नियमित चपरासी नहीं

यूनियन ने कर्मचारियों की कमी के साथ शाखाओं में बुनियादी व्यवस्थाओं का मुद्दा भी उठाया है। संगठन के मुताबिक, कई दूरस्थ शाखाओं में सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं हैं, जबकि करीब 40 शाखाओं में नियमित चपरासी नहीं हैं। ऐसे में कैश हैंडलिंग और संवेदनशील दस्तावेजों को संभालने जैसी जिम्मेदारियां दैनिक वेतन पर कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को निभानी पड़ रही हैं।

यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की कमी का असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ रहा है। साथ ही, नियमित कर्मचारियों को अतिरिक्त काम करना पड़ रहा है, जिससे उन पर कार्यभार बढ़ता जा रहा है।

काली टोपी, बैज और रिबन पहनकर प्रदर्शन

स्टाफ भर्ती की मांग को लेकर यूनियन ने राज्यव्यापी विरोध कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत प्रदेश की सभी 70 शाखाओं में कार्यरत करीब 255 कर्मचारी काली टोपी, बैज और काला रिबन पहनकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। प्रत्येक बुधवार को रायपुर, भिलाई और बिलासपुर में बैंक शाखाओं के सामने शाम के समय नारेबाजी भी की जा रही है।

यूनियन के अनुसार, आगामी 28 अक्टूबर को सभी कर्मचारी काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया है कि पर्याप्त स्टाफ की भर्ती और लंबित कमी दूर किए जाने की मांग पूरी होने तक विरोध कार्यक्रम जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts