छत्तीसगढ़रायपुर

ऑल इंडिया IPSC तीरंदाजी चैंपियनशिप में राजकुमार कॉलेज रायपुर का दबदबा, 109 पदकों के साथ बना ओवरऑल चैंपियन

रायपुर (विश्व परिवार)। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में आयोजित चार दिवसीय ऑल इंडिया IPSC अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026 का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में 11 स्कूलों के 176 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। इनमें 121 बालक और 55 बालिकाएं शामिल थीं। मेजबान राजकुमार कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका, दोनों वर्गों की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।

बालक और बालिका दोनों वर्गों में पहला स्थान

बालक वर्ग की संयुक्त ओवरऑल चैंपियनशिप में राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने 211 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी 147 अंकों के साथ दूसरे और हैदराबाद पब्लिक स्कूल, रमान्थापुर 70 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं, बालिका वर्ग में भी राजकुमार कॉलेज ने 299 अंकों के साथ चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती। द लॉरेंस स्कूल, लवडेल 145 अंकों के साथ दूसरे और यादविंद्र पब्लिक स्कूल, पटियाला 73 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

109 पदक जीतकर रचा इतिहास

राजकुमार कॉलेज की ओर से प्रतियोगिता में 61 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया, जिनमें 35 बालक और 26 बालिकाएं शामिल थीं। खिलाड़ियों ने कुल 109 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इनमें 46 स्वर्ण, 35 रजत और 28 कांस्य पदक शामिल हैं। बालकों ने 47 पदक, जबकि बालिकाओं ने 62 पदक हासिल किए।

इस उपलब्धि के साथ ही राजकुमार कॉलेज के 27 विद्यार्थियों ने 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। चयनित विद्यार्थियों में 13 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं।

अतिथियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई

समापन समारोह में मुख्य अतिथि राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष राजा त्रिबिक्रम चंद्र देब, बरम्बा ने आयोजन की सराहना की और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।

विद्यालय के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए 27 विद्यार्थियों के नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयन को विद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने खेल विभाग के एचओडी ऑनरेरी कैप्टन बी. करुणाकरण, विशिष्ट सेवा मेडल और उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप, 109 पदक और 27 राष्ट्रीय स्तर के क्वालीफायर के साथ राजकुमार कॉलेज रायपुर ने प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts