रायपुर (विश्व परिवार)। सोमवार को रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने राजधानी शहर रायपुर में दीपावली पूर्व सफाई की लचर व्यवस्था को लेकर अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कम्पनी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगायी. महापौर ने कहा कि शहर में डोर टु डोर कचरा कलेक्शन कार्य करवाना रामकी कम्पनी की जिम्मेदारी है. यह जिम्मेदारी पूरी नहीं होने पर नगर निगम द्वारा नियमानुसार अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. दीपावली पर्व के पूर्व शहर में अनेक स्थानों पर कूड़े – करकट के ढेर लगना डोर टु डोर कचरा कलेक्शन कार्य प्रभावी तौर पर नहीं होने के कारण से है।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कूड़े – करकट के जगह – जगह लगे ढेर को तत्काल उठवाकर सफाई करवाना सुनिश्चित करें और रामकी कम्पनी के डोर टु डोर कचरा कलेक्शन कार्य की सतत मॉनिटरिंग करते हुए श्रेष्ठ गुणवत्ता से डोर टु डोर कचरा कलेक्शन कार्य प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाये, दीपावली के पूर्व शहर क्षेत्र साफ -सुथरा दिखना चाहिए. इसमें कोई लापरवाही कदापि सहन नहीं की जाएगी।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने सख्त निर्देश दिए कि काम नहीं भुगतान नहीं की नीति के अंतर्गत रामकी कम्पनी पर कार्रवाई नियमानुसार की जाये और कार्य का भौतिक सत्यापन करने के पश्चात ही देयकों के भुगतान पर नियमानुसार विचार किया जाये. बिना कार्य कोई भी भुगतान ना किया जाये, अन्यथा सम्बंधित अधिकारीगण इसके लिए स्वयं जिम्मेदार रहेंगे।
महापौर मीनल चौबे द्वारा ली गयी समीक्षा बैठक में नगर निगम अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता स्वच्छ भारत मिशन योगेश कुमार कडु, उपअभियंता सुश्री कृष्णा राठी, अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कम्पनी के एरिया मैनेजर सर्वश्री श्रीकांत, गंगा, भास्कर आदि की उपस्थिति रही।







