देशमुंबई

बैंक ऑफ बड़ौदा की सहायक कंपनी ने NBFC के रूप में शुरू किया परिचालन

मुंबई (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड ने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC-ND-ICC) के रूप में अपना परिचालन शुरू कर दिया है। यह पहल सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजारों में बैंक की उपस्थिति को मजबूत करने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

परिचालन शुरू होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कंपनी ने अपने कॉर्पोरेट नाम और लोगो का अनावरण किया। साथ ही, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट www.bobgiltedge.in भी लॉन्च की गई।

बैंक ऑफ बड़ौदा के दृष्टिकोण के अनुरूप कंपनी की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य विशिष्ट कार्यक्षमताओं के माध्यम से बॉब ग्रुप को मजबूत करना, व्यवसाय के दायरे का विस्तार करना और एक विविध वित्तीय सेवा प्रदाता के रूप में स्थापित करना है।

बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल है। NBFC के रूप में परिचालन शुरू करना सरकारी प्रतिभूतियों और ऋण पूंजी बाजारों में बैंक की उपस्थिति मजबूत करने की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि कंपनी बाजार निर्माण और संबंधित गतिविधियों के माध्यम से भारतीय वित्तीय बाजारों के विकास और मजबूती में योगदान देगी। इससे बाजार की दक्षता बढ़ेगी और निवेशकों की भागीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक के रिटेल डायरेक्ट प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेशकों की भागीदारी भी शामिल है।

डॉ. चांद ने कहा कि वित्तीय सेवाओं की फ्रेंचाइजी में विविधता लाने के लिए बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड जैसी विशिष्ट अनुषंगियां व्यवसाय वृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराने और पूरे बॉब ग्रुप को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के निदेशक, बॉब सिक्योरिटीज एंड गिल्ट एज लिमिटेड के निदेशक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts