छत्तीसगढ़रायपुर

राजकुमार कॉलेज रायपुर ने शूटिंग चैंपियनशिप में जीता डबल खिताब, 48 पदक किए अपने नाम

  • 336 निशानेबाजों ने लिया हिस्सा, कॉलेज के 12 खिलाड़ी 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयनित

रायपुर (विश्व परिवार)। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित ऑल इंडिया IPSC U-14 और U-19 बालक-बालिका शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का समापन शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। मेजबान राजकुमार कॉलेज ने बालक और बालिका, दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब जीतकर डबल सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में कॉलेज के निशानेबाजों ने कुल 48 पदक अपने नाम किए, जिनमें 27 स्वर्ण, 16 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं।

चैंपियनशिप में देश के 20 स्कूलों के 336 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इनमें 185 बालक और 151 बालिकाएं शामिल थीं। मेजबान राजकुमार कॉलेज की ओर से 54 निशानेबाजों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें 29 बालक और 25 बालिकाएं थीं।

बालक और बालिका टीम ने जीते 24-24 पदक

राजकुमार कॉलेज की बालक टीम ने 19 स्वर्ण और 5 रजत सहित कुल 24 पदक जीते। वहीं, बालिका टीम ने 8 स्वर्ण, 11 रजत और 5 कांस्य पदक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ कॉलेज के 12 विद्यार्थियों, जिनमें 6 बालक और 6 बालिकाएं शामिल हैं, ने 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया।

ओवरऑल चैंपियनशिप में भी रहा दबदबा

ओवरऑल बालक चैंपियनशिप में राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने 54 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर 22 अंकों के साथ दूसरे और द हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

ओवरऑल बालिका चैंपियनशिप में भी राजकुमार कॉलेज ने 41 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार 22 अंकों के साथ दूसरे और राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर 17 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

चारों वर्गों में राजकुमार कॉलेज प्रथम

वर्गवार परिणामों में U-14 बालक वर्ग में राजकुमार कॉलेज 25 अंकों के साथ प्रथम, द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर 10 अंकों के साथ द्वितीय और हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट 8 अंकों के साथ तृतीय रहा।

U-14 बालिका वर्ग में राजकुमार कॉलेज ने 23 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर 10 अंकों के साथ दूसरे और विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

U-19 बालक वर्ग में राजकुमार कॉलेज 29 अंकों के साथ प्रथम, द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर 12 अंकों के साथ द्वितीय और वेल्हम बॉयज स्कूल, देहरादून 5 अंकों के साथ तृतीय रहा। वहीं, U-19 बालिका वर्ग में राजकुमार कॉलेज 18 अंकों के साथ प्रथम, विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार 16 अंकों के साथ द्वितीय और द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर 7 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।

अतिथियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को दी बधाई

समापन समारोह में राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि राजा त्रिबिक्रम चंद्र देब, बरम्बा ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बालक और बालिका, दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतना गर्व की बात है। यह निशानेबाजों और प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत का प्रमाण है।

कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने पदक विजेताओं और नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयनित 12 विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी स्कूलों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार जताया। साथ ही, खेल विभाग के एचओडी ऑनरेरी कैप्टन बी. करुणाकरण, विशिष्ट सेवा मेडल और उनकी टीम को भी शुभकामनाएं दीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts